- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- ऑनलाइन कारोबार का झांसा देकर सहायक...
Chandrapur News: ऑनलाइन कारोबार का झांसा देकर सहायक लोको पायलट को 11.70 लाख से ठगा

Chandrapur News डेटिंग ऐप पर हुई पहचान के बाद ऑनलाइन प्रोडक्ट खरीद-बिक्री में मुनाफे का झांसा देकर एक सहायक लोको पायलट से 11 लाख 70 हजार 957 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस स्टेशन, चंद्रपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पीड़ित मूलत: बिहार निवासी और वर्तमान में जिले के बल्लारपुर स्थित संत तुकाराम हॉल के पास रहने वाले सुमनकुमार प्रसाद (33) है। उसकी शिकायत के अनुसार, 16 जून 2026 को ‘TrulyMadly’ ऐप पर सुमन कुमार की ‘रिया कपूर’ नामक युवती से पहचान हुई। बाद में दोनों की व्हॉट्सऐप और टेलीग्राम पर बातचीत शुरू हुई। 26 जून को रिया ने उसे www.esellerstorebuy.xyz वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन खरीद-बिक्री में मुनाफे का भरोसा दिलाया। इसके बाद सुमन ने वेबसाइट पर खाता बनाकर 26 जून से 24 जुलाई के बीच 27 लेनदेन में 11,70,957 रुपए जमा किए।
यह भी पढ़े -किसानों का कर्ज माफ करो, मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो; राजुरा में कांग्रेस का जनआक्रोश मोर्चा
रकम निकालने की कोशिश करने पर कथित तौर पर खाता बंद करने के लिए 1,799 डॉलर, मुद्रा परिवर्तन के लिए 1,655.83 डॉलर तथा बायनांस खाते के लिए 499 डॉलर अतिरिक्त मांगे गए। शक होने पर सुमन ने और रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद रिया ने कॉल और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने आईटी एक्ट की धाराओं 66(सी), 66(डी) सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थानेदार सुनील गाडे कर रहे हैं।
Created On :   1 Oct 2026 3:59 PM IST














