Chandrapur News: नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण पर रोक लगाने समन्वय के साथ करें काम : पंत

नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण पर रोक लगाने समन्वय के साथ करें काम :  पंत
स्कूल-कॉलेज, मेडिकल स्टोर, बंद कारखानों और पार्सलों पर रहेगी नजर

Chandrapur News जिले में अमली पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग सख्त कार्रवाई करें। साथ ही अमली पदार्थों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम करें। यह निर्देश जिलाधिकारी वसुमना पंत ने दिए। उन्होंने स्कूल-कॉलेज से लेकर मेडिकल स्टोर, कारखानों और संदिग्ध पार्सलों पर निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। अमली पदार्थ प्रतिबंध के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे उपायों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी पंत ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अमली पदार्थों के दुष्परिणामों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अमली पदार्थ या तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री अथवा सेवन पाए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। विद्यार्थियों में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग विशेष प्रयास करे।

उन्होंने जिले के रासायनिक कारखानों में अमली पदार्थों का अनधिकृत उत्पादन न हो, इसके लिए नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बंद कारखानों की भी जांच करने को कहा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग मेडिकल स्टोर्स का अचानक निरीक्षण कर प्रतिबंधित दवाओं और ड्रग्स की अवैध बिक्री पर रोक सुनिश्चित करें।

सीमावर्ती क्षेत्रों में खेतों पर भी रखी जाएगी नजर : अंतरराज्यीय सीमा से सटे क्षेत्रों में गांजा अथवा अन्य प्रतिबंधित फसलों की खेती न हो, इसके लिए कृषि विभाग सतर्क रहे। संदिग्ध खेती मिलने पर तत्काल संबंधित विभागों को सूचना देकर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा डाक, निजी कूरियर सेवाओं और अन्य माध्यमों से आने वाले संदिग्ध पार्सलों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। पार्सल में अमली पदार्थ होने का संदेह होने या उसके मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया। बैठक में थानेदार अमोल काचोरे, एपीआई योगेश हिवसे, केंद्रीय सेवा व कर विभाग के अधीक्षक शशांक मंडल, राज्य आबकारी विभाग के अधीक्षक नितीन धार्मिक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त सुहास सावंत, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुमन पानगंटीवार सहित एमआईडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Created On :   1 Oct 2026 3:37 PM IST

Tags

Next Story