Chandrapur News: पहली सोलर टंकी गिरने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, दो दिन में दूसरी दुर्घटना

पहली सोलर टंकी गिरने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, दो दिन में दूसरी दुर्घटना
  • पहली घटना के दो दिन बाद वार्ड क्रमांक 8 में फिर गिरा टंकी का स्ट्रक्चर
  • स्कूली बच्चों और नागरिकों की आवाजाही वाले रास्ते पर मंडरा रहा हादसे का खतरा
  • सभी सोलर टंकियों की तकनीकी जांच के साथ निर्माण कार्यों के दस्तावेजों की जांच की मांग

Chandrapur News नगर परिषद क्षेत्र में सोलर पानी टंकियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महज दो दिनों के भीतर दो सोलर पानी टंकियों और उनके स्ट्रक्चर के गिरने की घटनाओं ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। 15 सितंबर को बिक्केवार चौक में सोलर पानी की टंकी, सोलर पैनल और लोहे का स्ट्रक्चर गिर गया था। इस घटना के बाद भी शहर की अन्य सोलर टंकियों की तत्काल तकनीकी व सुरक्षा जांच नहीं की गई।

अब वार्ड क्रमांक 8 में नई स्थापित एक और पानी की टंकी व उसका स्ट्रक्चर गिरने की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। वार्ड क्रमांक 8 में जिस स्थान पर टंकी का स्ट्रक्चर गिरा, वहां से नागरिकों के साथ ही स्कूली विद्यार्थियों की नियमित आवाजाही होती है। ऐसे में यदि भविष्य में कोई टंकी या भारी स्ट्रक्चर अचानक गिरता है तो बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर नागरिकों में नाराजगी है। नगर परिषद के गुटनेता गणेश तर्वेकर ने मामले की जिलाधिकारी के माध्यम से निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने शहर में स्थापित सभी सोलर पानी टंकियों का तत्काल तकनीकी एवं सुरक्षा परीक्षण कराने की मांग की। साथ ही संबंधित कार्यों की निविदा, वर्क ऑर्डर, अनुमान, तकनीकी मंजूरी, माप पुस्तिका, इस्तेमाल की गई सामग्री, गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र और ठेकेदार को किए गए भुगतान की भी जांच की मांग की है।

Created On :   18 Sept 2026 2:53 PM IST

Tags

Next Story