- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- रिटायर्ड बुजुर्ग हुए डिजिटल अरेस्ट,...
Chandrapur News: रिटायर्ड बुजुर्ग हुए डिजिटल अरेस्ट, ठगबाज ने 63 लाख से ठगा

Chandrapur News पुलिस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त सीनियर मेक्यानिक दिनकर गोविंदराव खोब्रागड़े (67) को गिरफ्तारी का डर दिखाकर 63 लाख 7 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने मुंबई क्राइम ब्रांच, सुप्रीम कोर्ट और ईडी के फर्जी नोटिस भेजकर उन्हें डराया। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
ऊर्जानगर, दुर्गापुर निवासी खोब्रागड़े को 26 नवंबर 2025 को फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए उनके नाम पर मुंबई की केनरा बैंक में खाता होने और विदेश से संदिग्ध रकम आने की बात कही। रकम का इस्तेमाल देशविरोधी गतिविधियों में होने का दावा कर गिरफ्तारी की धमकी दी गई। इसके बाद व्हॉट्सऐप पर पुलिस वर्दीधारी व्यक्ति से वीडियो कॉल कराई गई और फर्जी शिकायत व नोटिस भेजे गए। किसी को जानकारी देने पर उन्हें और उनके बेटे को गिरफ्तार करने की धमकी दी गई।
एफडी तुड़वाकर तीन दिन में ट्रांसफर किए 63.07 लाख : गिरफ्तारी के डर से खोब्रागड़े ने एफडी तुड़वाकर 1 दिसंबर को 37.05 लाख, 2 दिसंबर को 13.02 लाख और 3 दिसंबर को 13 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।
दोबारा फोन आने पर बहू को हुआ शक : 4 दिसंबर को आरोपियों ने ईडी का कथित समन रद्द होने का पत्र भेजा। करीब नौ महीने बाद 7 सितंबर 2026 को फिर फोन कर जम्मू में उनके नाम पर खाते और उसमें आई रकम का 15 प्रतिशत लेने का आरोप लगाया गया। दोबारा गिरफ्तारी की धमकी मिलने पर बहू को संदेह हुआ। बेटे ने घर पहुंचकर पूछताछ की, तब ठगी का खुलासा हुआ। 9 सितंबर को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत के बाद चंद्रपुर साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच पुलिस निरीक्षक सुनील गाडे कर रहे हैं।
Created On :   17 Sept 2026 3:43 PM IST














