Chandrapur News: ताड़ोबा कोर जोन में जंगल सफारी शुरू ,पहले ही दिन तेलिया में नजर आयी कॉलरवाली बाघिन

तीन माह के ब्रेक के बाद जंगल में फिर पर्यटकों की चहल-पहल

Chandrapur News तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के कोर जोन में बुधवार, 1 अक्टूबर से नए पर्यटन सीजन की शुरुआत हो गई। पहले ही दिन मोहर्ली गेट से सफारी के लिए निकले पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। मानसून के बाद ताड़ोबा का जंगल हरियाली से निखर उठा है और जलस्रोतों में पर्याप्त पानी होने से वन्यजीवों की गतिविधियां भी बढ़ीं हैं। नए सीजन की पहली ही सफारी में तेलिया तालाब क्षेत्र में ‘कॉलरवाली’ बाघिन के दर्शन होने से पर्यटकों का रोमांच और बढ़ गया।

मोहर्ली गेट पर उपसंचालक (कोर) आनंद रेड्डी येल्लू के नेतृत्व में रिबन काटकर सफारी सीजन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पर्यटक गाइड वसंत सोनुले और शहनाज बेग ने पारंपरिक पूजा की। वन विभाग की ओर से सफारी के लिए पहुंचे पर्यटकों का गुलाब के फूल देकर स्वागत किया गया। वहीं, ताड़ोबा होमस्टे एसोसिएशन ने भी पर्यटकों का स्वागत किया।

उद्घाटन के अवसर पर उपसंचालक आनंद रेड्डी येल्लू, एसीएफ नाथू, टूरिज्म आरएफओ अरुण गोंड, मोहर्ली कोर के आरएफओ एस.बी. अवघान सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सीजन की पहली मॉर्निंग सफारी के दौरान पर्यटकों को तेलिया तालाब के पास ‘कॉलरवाली’ बाघिन नजर आई। कोर जोन खुलने के साथ ही ताड़ोबा में पर्यटन गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।


Created On :   2 Oct 2026 1:16 PM IST

Tags

Next Story