- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- वोटिंग लिस्ट बनी अबूझ पहेली ,...
Chandrapur News: वोटिंग लिस्ट बनी अबूझ पहेली , प्रभाग की आबादी 2800 और मतदाता 3900

Chandrapur News राजुरा नगर परिषद चुनाव के लिए घोषित मतदाता सूची के प्रारूप में भारी गड़बड़ी सामने आई है और जैसे ही इस बारे में दैनिक समाचार पत्र में खबर प्रकाशित हुई, सैकड़ों नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम खोजने दो दिनों से नप में जा रहे हैं। इस सूची में भारी गड़बड़ी है, सैकड़ों नागरिकों के, एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग वार्डों में हैं। प्रभाग चार की जनसंख्या 2800 है, जबकि मतदाताओं की संख्या 3,900 हैं।
प्रभाग की जनसंख्या से ज्यादा मतदाता होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसा देखा गया है कि किसी दूसरे वार्ड की मतदाता सूची के पन्ने इस वार्ड में जोड़ दिए गए हैं, जिसके कारण राजनीतिक दलों ने शिकायत की है। मतदाता सूची में एक वार्ड से दूसरे वार्ड में नाम स्थानांतरित करने के लिए संबंधित मतदाता की व्यक्तिगत सहमति आवश्यक होती है, इसलिए राजनीतिक दलों के लिए इतनी बड़ी संख्या में नागरिकों तक पहुंचना और उनसे फॉर्म भरवाना एक बड़ी चुनौती है। चुनाव आयोग द्वारा आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तक बढ़ा दिए जाने से नागरिकों और राजनीतिक दलों को राहत मिली है। नप नागरिकों और राजनीतिक दलों की शंकाओं का समाधान करने की कोशिश कर रहा है किंतु मतदाता सूची अपडेट न होने के कारण, मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों के बीच तनाव बढ़ गया है और सबकी नजर इस बात पर है कि इसका समाधान कैसे निकाला जाए।
फॉर्म भरे जा रहे हैं : नगर परिषद की मतदाता सूची तैयार करते समय कर्मचारियों द्वारा कुछ गलतियां की संभावना है। जिन मतदाताओं के नाम उनके वार्ड के अलावा किसी अन्य वार्ड में दर्ज हो गए हैं, उनके फार्म भरे जा रहे हैं और निर्धारित अवधि में उन्हें सही करने के बाद अंतिम सूची में इन नामों को उनके मूल वार्ड में शामिल कर दिया जाएगा। प्रभाग चार को लेकर जो समस्या उत्पन्न हुई है, उसकी पुष्टि सूची में शामिल मतदाताओं से संपर्क करके की जा रही है और चुनाव निर्णय अधिकारी की सहमति के बाद उसे ठीक कर दिया जाएगा। - विवेक चौधरी, मुख्याधिकारी नगर परिषद राजुरा
Created On :   15 Oct 2025 4:01 PM IST