जंगी प्रदर्शन: एनएसयूआई-एबीवीपी के बीच झड़प, बीच-बचाव में पुलिस से हुज्जत

एनएसयूआई-एबीवीपी के बीच झड़प, बीच-बचाव में पुलिस से हुज्जत
पीजी कॉलेज के गेट पर तीन घंटे तक चला हंगामा

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। एक्सीलेंस पीजी कॉलेज में एनएसयूआई के जंगी प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच जमकर झड़प हुई। बीच बचाव में आए पुलिसकर्मियों व अफसरों को भी हुज्जत का सामना करना पड़ा। करीब 3 घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान कैम्पस में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

दरअसल मंगलवार सुबह ११ बजे एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रिक्त पदों पर भर्ती, स्टूडेंट्स की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, रिजल्ट व अन्य सुविधाओं व व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए गेट पर पहुंचे थे। पुलिस ने गेट के बाहर बेरीकेडिंग कर रखी थी। एनएसयूआई ने अपना विरोध प्रदर्शन शुरु किया ही था कि कॉलेज यूनिफार्म में आए एबीवीपी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरु कर दिया।

नारेबाजी के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरु हुई। बीच बचाव में आए पुलिस कर्मी व अफसरों से भी हुज्जत हुई। माहौल तनाव पूर्ण होने से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। करीब ३ घंटे तक चले इस हंगामें के दौरान कॉलेज के गेट पर ताला जड़ा रहा। पुलिस ने मामला शांत कराते हुए घायल महिला पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। इस प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई की जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री मोहित डेहरिया, जिला संयोजक पियूष श्रीवास सहित पदाधिकारी व स्टूडेंट्स मौजूद रहे।

इन महिला पुलिस कर्मियों को आई चोट

एनएसयूआई व एबीवीपी के बीच झड़प के दौरान बीच बचाव में महिला आरक्षक तिलकवती व प्रधान आरक्षक लता श्रीवास को चोट आई है। पुलिस अधिकारियों से भी स्टूडेंट्स ने अभद्रता करने की कोशिश की थी। घायल दोनों महिला पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एमएलसी रिपोर्ट के बाद पुलिस जल्द ही इस मामले में अपराध दर्ज कर सकती है।

Created On :   1 Sept 2026 9:37 PM IST

Tags

Next Story