- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- पेंचक्षेत्र की नेहरिया कोयला खदान...
Chhindwara News: पेंचक्षेत्र की नेहरिया कोयला खदान में चोरी पर पांच के खिलाफ शिकायत, ट्रक जब्त

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। पेंचक्षेत्र की नेहरिया कोयला खदान में स्लेप की जगह स्टीम कोयला सप्लाई मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। गुरुवार को देर शाम तक प्रबंधन और सीआईएसएफ की जांच के बाद अमरवाड़ा थाना अंतर्गत सिंगोड़ी चौकी में पांच लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई। प्रबंधन ने खदान परिसर में मौजूद बंकर संचालित करने वाले दो कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है।
सीआईएसएफ के भोकई कैम्प निरीक्षक अनीष की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303/2 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इनमें वेकोलि कर्मी बंकर ऑपरेटर शिवशंकर माधुरे और तरूण बंदेवार, ट्रांसपोर्टस का कर्मचारी शिवपुरी निवासी जगदीश सालवंशी और ब्यौरा निवासी ड्राइवर नरेन्द्र बागरी, हेल्पर बिट्टू बागरी का नाम शामिल है। ट्रक में भरे 30 टन स्लेप कोयला का मूल्य 1.85 लाख रुपए होता, स्टीम कोयला का मूल्य 2.38 लाख रुपए आंका गया। इस तरह ट्रक में भरे कोयला की कीमत में 53 हजार रुपए का अंतर पाया गया।
क्वालिटी अनुरूप कोयला का दाम
नेहरिया खदान में ग्रेड जी-8 के कोयला को स्लेप और स्टीम का कोयला ग्रेड जी-7 होता है। उक्त ट्रक एमपी-09/ डीके- 8812 में 30 टन कोयला भरा था। रोड सेल के ट्रकों में कोयला भरने के दौरान उसमें छंटाई कार्य होता है, जो अनाधिकृत व्यक्तियों से करवाते हैं। इस स्थिति को लम्बे समय से नजर अंदाज किया गया, वहीं श्रम संगठन भी अबतक चुप्पी साधे रहे।
बीएमएस ने प्रबंधक कार्यालय के सामने किया आंदोलन
इस मामले को लेकर शुक्रवार प्रथम पाली में श्रम संगठन बीएमएस ने प्रबंधक कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया। बीएमएस का कहना है कि प्रबंधन जबरन उनके सदस्य कामगारों को प्रताड़ित करने का प्रयास कर रहा है।
प्रबंधन निष्पक्ष जांच किए बिना ही बंकर से कोयला भरने वाले वाले दो कर्मचारियों को नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर रहा है। बीएमएस महामंत्री निखलेश राहा, रामदास सोलंकी, तेज प्रताप साही, अर्जुन भारती, राजेश पासवान, फिरोज अंसारी, मनोज राय, शैलेन्द्र शर्मा, अंकित अडलक, रामानुज शर्मा, मनोज गौतम ने सिंगौड़ी चौकी पहुंचकर पुलिस के समक्ष पक्ष रखा।
इंटक ने की जिम्मेदारी तय करने की मांग
श्रमिक शक्ति भवन चांदामेटा में शुक्रवार को इंटक अध्यक्ष सोहन वाल्मिक, महामंत्री मनोज तिवारी, उपाध्यक्ष साबिर खान ने प्रेस कांफ्रेन्स की। उन्होंने ट्रक में स्लेप की जगह स्टीम कोयला बिना वैध दस्तावेज के पकड़ाए जाने पर मामले में प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारियों को लाभ पहुंचाने स्लेप की जगह लम्बे समय से स्टीम कोयला सप्लाई हो रहा है।
चार माह पहले भी ऐसा ही एक ट्रक पकड़ाया था, किन्तु उस दौरान किसी के खिलाफ कोई न कार्रवाई हुर्ई न ही किसी की जिम्मेदारी तय हुई। इस मामले में सीबीआई और विजिलेंस टीम से मामले की जांच हो।
Created On :   25 Sept 2026 9:14 PM IST












