Chhindwara News: जिले में पहला केस..स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत

जिले में पहला केस..स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत
स्वास्थ्य अमला अलर्ट, आसपास के रहवासियों पर भी नजर

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। जिले में स्वाइन फ्लू से पहली मौत का मामला सामने आया है। सर्दी-खांसी और सांस लेने में तकलीफ होने पर 68 वर्षीय बुजुर्ग को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजििटव आने पर अलग से तैयार स्वाइन फ्लू वार्ड में मरीज को शिफ्ट कराया गया था। इलाज के दौरान मंगलवार को बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया है। पेशेंट के अन्य किसी मरीज के संपर्क में आने या ट्रेवल हिस्ट्री नहीं आई है। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर जिलेवासियों को सावधानी बरतें अपील की है।

सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि बीते 19 सितम्बर को कफ, सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं से जूझ रहे 68 वर्षीय पेशेंट को आईसीयू में भर्ती किया गया था। एहतियात के तौर पर स्वाइन फ्लू जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें स्वाइन फ्लू वार्ड में भेजा गया था। इलाज के दौरान पेशेंट की मृत्यु हो गई। प्रोटोकॉल के तहत बुजुर्ग का शव पैक कर परिजनों को सौंपा गया है। इधर मृतक की पत्नी का सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज लैब भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। हालांकि महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं है।

27 घरों का सर्वे, आसपास के लोगों पर विशेष नजर

सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास ने बताया कि बुजुर्ग का घर खेत के बीच में है। स्वास्थ्य अमले को भेजकर आसपास के 27 घरों का सर्वे कराया गया है। विशेषज्ञ डॉ. राहुल नाग और उनकी टीम द्वारा सर्वे कर लोगों पर नजर रखी जा रही है। हालांकि अभी तक बुजुर्ग की पत्नी या आसपास के किसी अन्य शख्स में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले है।

स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण

- अचानक तेज बुखार आना।

- सर्दी-खांसी और गले में खराश।

- शरीर या मांसपेशियों में दर्द और सिरदर्द

- अत्यधिक थकान लगना

- सांस लेने में तकलीफ

बचाव के उपाए

- बार-बार साबुन से हाथ धोएं।

- खांसते-छींकते समय मुंह और नाक को टिश्यू पेपर या रूमाल से ढकें।

- भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क जरूर पहनें।

- मरीजों से सीमित संपर्क रखें और बीमार घर पर आइसोलेट रहें।

विशेष सावधानी

जो लोग पक्षियों या मुर्गीपालन (पोल्ट्री व्यवसाय) क्षेत्र में काम करते हैं, वे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

इन लापरवाहियों से बचें...

- सार्वजनिक स्थानों पर यहां-वहां न थूकें।

- बिना हाथ धोएं अपनी आंख, नाक या मुंह को न छुएं।

- बीमार होने पर सार्वजनिक स्थल पर जाने से बचें।

- डॉक्टरी सलाह के बिना किसी दवा का सेवन न करें।

इनका रखें विशेष ध्यान...

- छोटे बच्चे और बुजुर्ग।

- गर्भवती महिलाएं।

- मोटापे से ग्रसित व्यक्ति।

- पहले से किसी गंभीर बीमारी (जैसे डायबिटीज, अस्थमा, हृदय रोग, लिवर या किडनी की बीमारी) से पीड़ित।

Created On :   30 Sept 2026 8:38 PM IST

Tags

Next Story