- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- पूरी रात युवती ने थाने में दिया...
Chhindwara News: पूरी रात युवती ने थाने में दिया धरना, सुबह भाजपा जिला उपाध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। शहर के गुलाबरा गली नम्बर 18 निवासी दीपिका मिलामपुरे ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र राणा और श्रद्धा पटेल समेत अन्य लोगों पर गाली गलौच और धमकाने का आरोप लगाते हुए शिकायत कोतवाली थाने में की थी। पुलिस द्वारा शिकायत पर सुनवाई न होने पर प्रार्थिया ने रविवार रातभर थाने के सामने धरने पर बैठी रही। आखिरकार सोमवार सुबह पुलिस ने दोनों पक्षाें के खिलाफ काउंटर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक दीपिका मिलामपुरे ने शिकायत दर्ज कराई है कि श्रद्धा पटेल द्वारा उसके चरित्र को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। 27 सितम्बर की रात 1 बजे श्रद्धा पटेल, योगेन्द्र राणा समेत अन्य लोग उसके घर के सामने आए और गाली गलौच कर धमकी दी थी। दीपिका की शिकायत पर पुलिस ने श्रद्धा पटेल, योगेन्द्र राणा समेत तीन लोगों पर बीएनएस की धारा 296(ए), 351(2), 3(5) के तहत मामला कायम किया है।
श्रद्धा पटेल की शिकायत पर दीपिका पर अपराध दर्ज
इधर नरसिंहपुर नाका निवासी श्रद्धा पटेल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 27 सितम्बर की रात दीपिका मिलामपुरे ने उसे फोन कर कहा था कि तुम मेरे बारे में लोगों को उल्टी सीधी बातें बोलती हो, जब मैंने इससे इनकार किया तो दीपिका ने गाली गलौच की। दीपिका को समझाने मैं अपने भाई कृष्णा पटेल, अंजली और कशिश के साथ गुलाबरा पहुंची थी।
दीपिका और उसके पिता गजानन मिलामपुरे द्वारा उनसे हाथापाई की गई। मारपीट में भाई कृष्णा पटेल को चोट आई है। श्रद्धा पटेल की शिकायत पर पुलिस ने दीपिका और गजानन मिलामपुरे के खिलाफ बीएनएस की धारा 269(ए), 115(2), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
मेरी छवि खराब करने की जा रही झूठी शिकायत-योगेन्द्र राणा
भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र राणा का कहना है कि दीपिका मिलामपुरे द्वारा झूठी शिकायत कर मेरी छवि खराब की जा रही है। समाजसेवा से जुड़े होने के नाते विश्व हिंदु परिषद दुर्गावाहिनी अध्यक्ष श्रद्धा पटेल से उनका परिचय है। श्याम टाॅकीज में विराजी श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जन के सिलसिले में श्रद्धा पटेल से फोन पर उनकी बात चल रही थी। इसी दौरान श्रद्धा के मोबाइल पर दीपिका का फोन आया और उनके द्वारा अभद्र बातों की गई।
दीपिका के बुलाए जाने पर श्रद्धा अपने भाई व सहेलियों के साथ दीपिका के घर गई थी। दीपिका द्वारा सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ झूठी अफवाहें फैलाई जा रही है। उन्होंने अपने वकील के माध्यम से दीपिका को नोटिस जारी कराया है। सात दिनों में माफी न मांगने पर एक करोड़ रुपए का मानहानि का दावा और कानूनी कार्रवाई करेंगे। इस मामले की शिकायत उन्होंने कुंडीपुरा थाने में भी की है।
Created On :   29 Sept 2026 4:37 PM IST












