अस्पताल में हंगामा... नवविवाहिता का फंदे पर लटका मिला शव, गुस्साएं परिजनों ने पति को पीटा

- मायके पक्ष ने जताया हत्या का संदेह, पुलिस कर रही जांच

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। शहर के पातालेश्वर निवासी एक नवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। शनिवार को घटना के वक्त नवविवाहिता घर पर अकेली थी। रविवार सुबह मृतका के पीएम के दौरान मायके पक्ष के सदस्यों ने अस्पताल में मृतका के पति के साथ मारपीट की। मायके पक्ष का आरोप था कि दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या की गई है।

टीआई मनोज बघेल ने बताया कि 32 वर्षीय प्रियंका की शादी 11 दिसम्बर 2020 को पातालेश्वर निवासी सुरेन्द्र आरसे से हुई थी। उनका दो साल का बच्चा भी है। शनिवार को प्रियंका ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त प्रियंका का पति अपनी मां और दो साल के बच्चे को लेकर कपुर्दा मंदिर गया था। जब वे लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोडकऱ जब वे घर के अंदर पहुंचे थे, तो प्रियंका का शव फंदे पर लटका था। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

दहेज के लिए बहन को मारा है...

प्रियंका के भाई नितेश कुमार और अनिल कुमार का आरोप है कि शादी के वक्त पर्याप्त दहेज देने के बाद भी सुरेन्द्र दहेज की डिमांड करता था। नकदी देने के बाद भी दहेज की मांग कर वह प्रियंका के साथ मारपीट करता था। पूर्व में विवाद की शिकायत कुंडीपुरा थाने में भी की गई थी। नितेश का आरोप है कि दहेज के लिए उसकी बहन की हत्या की गई है।

शवगृह में पति के साथ मारपीट...

रविवार को जिला अस्पताल के शवगृह में मृतका का पति और मायके पक्ष के सदस्य पहुंचे थे। पुलिस मृतका पीएम की लिखा पढ़ी कर रही थी। इस दौरान मृतका के पति पर आक्रोशित मायके पक्ष के सदस्यों ने हमला कर मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने सभी को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

Created On :   14 April 2024 5:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story