Chhindwara News: ट्राइबल में बाबू ट्रैप..लोकायुक्त को देख भागा आरोपी, कूलर में छिपा दी रिश्वत की रकम

ट्राइबल में बाबू ट्रैप..लोकायुक्त को देख भागा आरोपी, कूलर में छिपा दी रिश्वत की रकम
ट्राइबल डिपार्टमेंट में जबलपुर लोकायुक्त की रेड, कलेक्ट्रेट स्थित जिला कार्यालय में मारा छापा, 28 हजार की ईएमडी राशि जारी करने के ऐवज में मांगे थे चार हजार, आरोपी पर प्रकरण दर्ज

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जनजातीय कार्य विभाग के जिला कार्यालय में मंगलवार को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने दबिश दी। चार हजार की रिश्वत लेते हुए बाबू को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार दोपहर जैसे लोकायुक्त पुलिस मुख्य कार्यालय में पहुंची, आरोपी बाबू रिश्वत की रकम लेकर भाग गया। इस दौरान आरोपी ने लिफाफा कार्यालय के बाहर रखे कूलर में छिपा दिया था। जिसे जब्त करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

जबलपुर लोकायुक्त में शिकायत परासिया निवासी सौरभ मिश्रा ने की थी। नवेगांव में शिकायतकर्ता ने बाउंड्रीवाल निर्माण का काम लिया था। जिसकी ईएमडी राशि 28 हजार रुपए विभाग में जमा थी। इस राशि को वापस लेने के लिए शिकायतकर्ता पिछले डेढ़ महीने से विभाग के चक्कर काट रहा था।

28 हजार निकालने के ऐवज में आरोपी बाबू ललित अहिरवार चार हजार की रिश्वत मांग रहा था। जिसकी शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार दोपहर को दबिश देकर बाबू को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध करने के बाद आरोपी को मुचलके पर जमानत दे दी गई है।

42 में से 15 कामों के टेंडर रिजेक्ट

बताया जा रहा है कि जनजातीय कार्य विभाग में 42 बाउंड्रीवॉल का काम हॉस्टलों में होना था। जिसमें से 15 काम रिजेक्ट कर दिए गए थे। तब से ही इन कामों को लेकर विवाद चल रहा था। ठेकेदार लगातार शिकायत कर रहे थे कि बिना कारण बताए इन कामों का टेंडर निरस्त किया जा रहा है।

ईएमडी के मांगे दस्तावेज, सब इंजीनियर से होगी पूछताछ

जबलपुर लोकायुक्त पुलिस द्वारा जब छापामार कार्रवाई की गई, इस दौरान सब इंजीनियर सरेयाम भी वहां मौजूद थे। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस नेे ईएमडी से जुड़े दस्तावेज विभागीय अधिकारियों से मांगे हैं। इस प्रकरण में विभागीय सब इंजीनियर से भी पूछताछ होगी।

पीएचई के बाबू सहित पंप अटेंडेंट को ट्रेप करा चुका है सौरभ

शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा ने मंगलवार को जिस बाबू ललित अहिरवार को ट्रैप कराया, इसी सौरभ ने 21 अप्रैल 2026 को पीएचई विभाग के पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा और बाबू संदेश गजभिये को 14 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप कराया था। 30 प्रतिशत काम पूरा होने पर आरोपियों द्वारा 25 हजार की रिश्वत मांगी जा रही थी। सौरभ की शिकायत पर ये दूसरी कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस ने की है।

ट्राइबल जिला कार्यालय में ये दूसरी कार्रवाई

जबलपुर लोकायुक्त पुलिस द्वारा जनजातीय कार्य विभाग के जिला कार्यालय में ये दूसरी कार्रवाई की गई है। इसके पहले 22 फरवरी 2022 को भी लोकायुक्त पुलिस ने दबिश देकर 25 हजार की रिश्वत लेते हुए महिला कर्मचारी संगीता झाड़े को गिरफ्तार किया था। तब सोनपुर बालक आदिवासी छात्रावास में पदस्थ गंगाराम सूर्यवंशी की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की थी।

Created On :  

Next Story