नहाते समय हादसा: सिपेली जलप्रपात में डूबने से युवा डाॅक्टर की मृत्यु

सिपेली जलप्रपात में डूबने से युवा डाॅक्टर की मृत्यु
पेरमिली के प्राथमिक स्थास्थ्य केंद्र में थे पदस्थ

डिजिटल डेस्क, अहेरी (गड़चिरोली)। अहेरी तहसील की सीमा पर स्थित तेलंगाना राज्य के गुड़ेम से 2 किमी की दूरी पर सिपेली जलप्रपात में नहाते समय एक डाॅक्टर की डूबने से मृत्यु हो गयी। मृत डाक्टर का नाम तहसील के आलापल्ली निवासी डा. किशोर नैताम (48) होकर वह पेरमिली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर वैद्यकीय अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को छुट्‌टी का दिन होने के कारण डा. किशोर नैताम अपने परिवार के सदस्यों के साथ सिपेली जलप्रपात में घूमने के लिए गए थे। इस बीच दोपहर के दौरान परिवार के सभी सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद वे जलप्रपात में नहाने के लिए गये। लेकिन वे गहरे पानी में चले जाने से उनकी डूबने से मृत्यु हो गई। इस समय जलप्रपात परिसर में मौजूद लोगों ने डा. किशोर के शव को जलप्रपात से बाहर निकाला। अहेरी पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल रवाना किया गया है। इस मामले में मर्ग दाखिल कर अहेरी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बता दें कि, पेरमिली के अस्पताल के पूर्व डा. किशोर नैताम इसी तहसील के बुर्गी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थे। उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्य के चलते उनकी लोगों में अनोखी पहचान बनी थी। लेकिन रविवार को हुई इस घटना से समूचे अहेरी तहसील में शोक की लहर बनी हुई है।


Created On :   16 Oct 2023 8:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story