दहशत: 20 दिन में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मृत्यु, एक गंभीर

20 दिन में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मृत्यु, एक गंभीर
  • माता-पिता के बाद विवाहित पुत्री और पुत्र की भी मृत्यु
  • चारों की मृत्यु का कारण अज्ञात, बीमारी नहीं आई सामने

डिजिटल डेस्क, अहेरी (गड़चिरोली)। जीवन-मृत्यु के कालचक्र का खेल काफी निराला होता है। व्यक्ति की कब मृत्यु होगी, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। ऐसी एक घटना तहसील के महागांव (बु) में सामने आयी है। 20 दिनों की कालावधि में पहले माता-पिता, बाद में विवाहित बेटी और शनिवार की रात नागपुर के अस्पताल में बेटे की मृत्यु हो गई। अब परिवार में एक ही बेटा बचा है जिसकी तबीयत भी खराब बताई जा रही है। इस घटना से महागांव के लोगों में दहशत निर्माण हो गई है। एक के बाद एक ऐसे एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु होने के कारण दिन-दहाड़े महागांव में सन्नाटा पसरने लगा है। इस बीच चारों व्यक्तियों की मृत्यु का कारण अब तक ज्ञात नहीं हो पाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 22 सितंबर की रात महागांव (बु) निवासी विजया शंकर कुंभारे (45) की अचानक तबीयत खराब हो गई। पत्नी की तबीयत खराब होते देख विजया के पति शंकर तिरूजी कुंभारे (52) ने उसे तत्काल चंद्रपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया। चंद्रपुर अस्पताल पहुंचने के बाद शंकर की तबीयत भी खराब होने लगी। उसे भी इसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दोनों की हालत और खराब होने के कारण उन्हें नागपुर के अस्पताल में रेफर किया गया। उपचार के दौरान 26 सितंबर को शंकर तो 27 को विजया की मृत्यु हो गई। माता-पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने से उनकी विवाहित बेटी गड़अहेरी निवासी कोमल विनोद दहागांवकर (29) महागांव में ही मौजूद थी। माता-पिता की मृत्यु के बाद कोमल की भी अचानक तबीयत खराब हो गयी।

उसे तत्काल अहेरी के उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन कोमल की हालत भी गंभीर होने से उसे चंद्रपुर रेफर किया गया। 8 अक्टूबर को काेमल भी मृत्यु हो गई। विजया और शंकर का छोटा बेटा रोशन कुंभारे (26) सिरोंचा के डाकघर में पोस्टमास्टर पद पर कार्यरत है। रोशन की भी अचानक तबीयत खराब होने से उसे 2 दिन पूर्व ही नागपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन उपचार के दौरान रोशन की भी शनिवार की रात मृत्यु हो गई। रोशन का बड़ा भाई सागर कुंभारे की तबीयत भी खराब होने की जानकारी मिली।

इस बीच एक ही परिवार के 4 सदस्यों की एक के बाद एक मृत्यु होने के कारण महागांव (बु) गांव में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण होने लगा है। दिन-दहाड़े डर के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। चारों व्यक्तियों की मृत्यु का कारण अब तक सामने नहीं आने से लोगों में चर्चाओं का बाजार भी अब गर्म होने लगा है। इस घटना की गहनता से जांच कराने की मांग क्षेत्र के नागरिकों द्वारा की जा रही है।

Created On :   16 Oct 2023 8:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story