- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- संविधान के साथ करें नवजीवन की...
Gadchiroli News: संविधान के साथ करें नवजीवन की शुरुआत - फडणवीस

Gadchiroli News गड़चिरोली जिले के शहीद पांडू आलाम सभागृह में 61 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर एक नई शुरुआत की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को संविधान की किताब सौंपकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जुड़ने का मौका दिया।
इन नक्सलियों में सबसे प्रमुख नाम भूपति का है, जिस पर 10 करोड़ रुपए का इनाम था। भूपति के साथ-साथ 2 डीकेएसझेडसी सदस्य, 10 डीवीसीएम सहित अन्य नक्सलियों ने भी कुल 54 अत्याधुनिक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, भूपति ने पीएलजीए की स्थापना कर नक्सली आंदोलन को गति दी थी। अहेरी, सिरोंचा, पेरमिली, टीपागढ़, चामोर्शी जैसे बड़े दलम की स्थापना में भी भूपति का महत्वपूर्ण रोल था परंतु अब उसने यह स्वीकारा है कि संवाद और विकास ही समाधान है। यह परिवर्तन गड़चिरोली के भविष्य के लिए ऐतिहासिक मोड़ है। 60 नक्सलियों पर पहले से ही 5 करोड़ 24 लाख रुपए का इनाम था। राज्य सरकार द्वारा अब इन आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वसन के लिए 3 करोड़ 1 लाख 55 हजार रुपए की राशि मंजूर की गई है।
सीएम ने कहा-जो बचे हैं, वह भी जुड़ें मुख्यधारा से : मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को संविधान की प्रति सौंपकर उन्हें विकास की मुख्यधारा में सम्मिलित होने का प्रतीकात्मक आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि अब गड़चिरोली नक्सलवाद से लगभग मुक्त है, और जो शेष बचे हैं, उन्हें भी आत्मसमर्पण करना चाहिए, अन्यथा परिणाम भुगतने होंगे।
लॉयड्स मेटल्स देगी नौकरी : मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रशिक्षण देकर लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड में स्थायी रोजगार प्रदान किया जाएगा। इसके लिए लॉयड्स के एमडी बी. प्रभाकरण से आधिकारिक चर्चा की जा चुकी है।
Created On :   16 Oct 2025 1:36 PM IST