Gadchiroli News: गडचिरोली में सुरक्षाबलों ने नक्सली स्मारक को किया ध्वस्त

गडचिरोली में सुरक्षाबलों ने नक्सली स्मारक को किया ध्वस्त
दराची के घने जंगल में दहशत पैदा करने किया था स्मारक का निर्माण

Gadchiroli News धानोरा उपविभाग के कटेझरी पुलिस मदद केंद्र के तहत आने वाले दराची जंगल परिसर में रविवार, 12 अक्टूबर की देर शाम सुरक्षाबलों ने नक्सली स्मारक को ध्वस्त करते हुए एक बार फिर क्षेत्र को दहशतमुक्त बनाने सफलता हासिल की है। इस जंगल परिसर में नक्सलियों ने बरसों पूर्व स्मारक का निर्माण करते हुए लोगों में अपनी दहशत निर्माण करने का प्रयास किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटेझरी क्षेत्र को विकास की धारा से जोड़ने के लिए पुलिस विभाग ने कटेझरी गांव में हाल ही में पुलिस मदद केंद्र आरंभ किया है। वहीं धानोरा-मुरूमगांव-कटेझरी बस सेवा शुरू कर स्थानीय आदिवासियों को सुविधा उपलब्ध करायी है। साथ ही गांव में अनेक प्रकार की बुनियादी सुविधाएं भी पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर उपलब्ध करायी जा रहीं है।

पुलिस विभाग के इस कार्य से गांव के लोगों ने अब नक्सलियों को मदद करना पूरी तरह बंद कर दिया है। वहीं पुलिस के प्रति विश्वास निर्माण करते हुए गांव में विकासात्मक कार्यों को गति देने का कार्य किया जा रहा है। इसी बीच रविवार की शाम कटेझरी पुलिस मदद केंद्र के जवानों के साथ एसआरपीएफ गुट 11 के जवान नक्सल खोज अभियान पर तैनात थे।

अभियान के दौरान दराची जंगल परिसर में जवानों को नक्सलियों का स्मारक दिखायी दिया। जवानों ने बड़ी ही सतर्कता से स्मारक की जांच की और उसके ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, धानोरा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन में कटेझरी के प्रभारी अधिकारी अजय भोसले और अन्य पुलिस जवानों ने की।

Created On :   14 Oct 2025 4:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story