- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- गड़चिरोली में 40 साल की लड़ाई का अब...
Gadchiroli News: गड़चिरोली में 40 साल की लड़ाई का अब हो रहा अंत

Gadchiroli News मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 40 वर्ष पूर्व आंध्र प्रदेश के रास्ते सिरोंचा से गड़चिरोली जिले में दाखिल हुआ नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है। केंद्र और राज्य सरकार की विकास की नीतियों के साथ गड़चिरोली जिला पुलिस विभाग द्वारा नक्सलियों के खिलाफ चलाए गये ऑपरेशन और आदिवासियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के कार्य के चलते अब नक्सलवाद का अंत स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसका श्रेय गड़चिरोली पुलिस को जाता है।
जिला पुलिस विभाग के शहीद पांडू आलाम सभागृह में 10 करोड़ रुपए इनामी भूपति, 2 डीकेएसजेडसी सदस्य, 10 डीवीसीएम समेत 61 नक्सलियों ने 54 आधुनिक हथियारों के साथ मुख्यमंत्री फडणवीस के समक्ष समर्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सीमावर्ती दंडकारण्य क्षेत्र में पीपल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी का निर्माण करते हुए जिले में विभिन्न नक्सल दलम की स्थापना कर नक्सलियों काे सक्रिय करने का कार्य करने वाले मुखिया पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति समेत 61 नक्सलियों ने समर्पण कर सरकार के प्रयासों पर मुहर लगाई है।
छत्तीसगढ़ में 78 नक्सलियों ने किया समर्पण
कांकेर/सुकमा/कोंडागांव (छत्तीसगढ़)| छत्तीसगढ़ में बस्तर क्षेत्र के तीन जिलों में 43 महिला नक्सलियों और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के दो सदस्यों समेत 78 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने समर्पण किया है। यह घटनाक्रम महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में वरिष्ठ नक्सली मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति और 60 अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक समर्पण के बाद हुआ है। बस्तर क्षेत्र के सुकमा जिले में 10 महिलाओं समेत 27 नक्सलियों ने समर्पण किया है। उनमें से 16 नक्सलियों पर कुल 50 लाख रुपए का इनाम है।
कांकेर जिले में माओवादियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के दो सदस्यों और 32 महिला नक्सलियों समेत 50 नक्सलियों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक शिविर में समर्पण कर दिया। कांकेर, गड़चिरोली का निकटवर्ती जिला है। वहीं, कोंडागांव जिले में पांच लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली ने समर्पण किया है।
Created On :   16 Oct 2025 12:06 PM IST