Gadchiroli News: आश्रमशाला में 107 छात्राओं के लिए सिर्फ एक कमरा, जांच में खुलीं गंभीर खामियां

Gadchiroli News जिले की धानोरा तहसील के जपतलाई स्थित अनुदानित आश्रमशाला में सर्पदंश से 3 छात्राओं की मौत के मामले में जांच रिपोर्ट से कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। पिछले 30 वर्षों से सरकारी अनुदान प्राप्त कर रही कुपारलिंगो शैक्षणिक व सांस्कृतिक विकास संशोधन संस्था द्वारा संचालित इस आश्रमशाला में छात्राओं को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही थीं। नागपुर के अपर आयुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति की रिपोर्ट हिंदू विधिज्ञ परिषद के कार्यकर्ता विक्रम भावे ने सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त की है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, आश्रमशाला में 107 छात्राओं के लिए सोने का केवल एक कमरा था। घटना की रात वहां 69 छात्राएं मौजूद थीं, जिन्हें जमीन पर चटाई बिछाकर सोना पड़ा था। आश्रमशाला के 4 शौचालयों में से 2 बंद थे। छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन में दूध, अंडे और फल शामिल नहीं थे। भोजन की गुणवत्ता भी खराब थी। इसके अलावा छात्राओं को बिस्तर, चादर, तेल, साबुन और सैनिटरी पैड जैसी आवश्यक वस्तुएं तक उपलब्ध नहीं कराई जाती थीं। पीने के पानी के लिए गिलास की व्यवस्था भी नहीं थी।
सोने के कमरे में ही करना पड़ता था भोजन : आश्रमशाला में अलग से भोजन कक्ष नहीं होने के कारण छात्राओं को सोने वाले कमरे में ही भोजन करना पड़ता था। इतना ही नहीं, छात्राओं की उपस्थिति और स्वच्छता से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। सर्पदंश से 3 छात्राओं की मौत के बाद सामने आई इन खामियों ने आश्रमशाला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरकारी अनुदान के उपयोग पर भी सवाल : पिछले 30 वर्षों से सरकारी अनुदान प्राप्त करने के बावजूद छात्राओं को जरूरी सुविधाएं नहीं मिलना और उनकी सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतना गंभीर मामला है। इस घटना ने राज्य की अन्य अनुदानित आश्रमशालाओं में उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी अनुदान के उपयोग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Created On :  



