Gadchiroli News: गडचिरोली के अस्पताल में नशे में धुत मिला स्वास्थ्य कर्मी

गडचिरोली के अस्पताल में नशे में धुत मिला स्वास्थ्य कर्मी
एटापल्ली तहसील के ग्राम दोडूर की घटना, ग्रामीणों में तीव्र रोष

Gadchiroli News जिले के अतिदुर्गम तथा आदिवासी बहुल एटापल्ली तहसील के ग्राम पंचायत वांगेतुरी अंतर्गत दोडूर गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। उपचार के लिए उपकेंद्र पहुंचे ग्रामीणों को नियमित क्षेत्र कार्यकर्ता (हत्तीरोग) नकटू के. गेडाम शराब के नशे में धुत अवस्था में मिला। बताया गया कि, उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें उल्टियां हो रही थी।

इस घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, नियमित क्षेत्र कार्यकर्ता नकटू गेडाम घोट से अस्थायी रूप से उपकेंद्र दोडूर में मलेरिया नियंत्रण कार्य के लिए नियुक्त किया गया था। घटना के दिन वे उपकेंद्र में कथित रूप से नशे की हालत में पाए गए। ग्रामीणों के ध्यान में मामला आने के बाद तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गट्टा से संपर्क किया गया। इसके बाद एंबुलेंस भेजकर कथित कर्मचारी को उपचार के लिए गट्टा स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

कर्मी को कार्यमुक्त किया : गट्टा के स्वास्थ्य अधिकारी नितेश वड्डे ने बताया कि, मामला गंभीर होने के कारण संबंधित कर्मचारी के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई है। मद्यपान के कारण उनके जीवन को नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए उन्हें तत्काल कार्यमुक्त किया गया है और पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।


Created On :  

Tags

Next Story