Gadchiroli News: सर्वदलीय नेताओं ने गोंडवाना यूनिवर्सिटी के खिलाफ खोला मोर्चा

Gadchiroli News आदिवासी बहुल चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले के लिए पृथक रूप से आरंभ किए गए गोंडवाना विश्व विद्यालय द्वारा पिछले कुछ दिनों से विभिन्न कार्यों में अनावश्यक खर्च किये जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार, 26 अक्टूबर को सर्वदलीय नेताओं ने विवि प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला। दर्जनों की संख्या में विवि पहुंचे सर्वदलीय नेताओं ने अनावश्यक खर्च की वसूली करने के साथ पूर्व नक्सली नेता भूपति की विवि में की गयी नियुक्ति को तत्काल रद्द करने की मांग की। ऐसा न करने पर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी इस समय दी गयी।
विवि कुलगुरु डा. प्रशांत बोकारे को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, कुलसचिव डा. अनिल हिरेखन के सेवा कालावधि विस्तार से संबंधित एक मामले के लिए विवि ने वरिष्ठ अधिवक्ता का चयन कर 15 लाख रुपए का खर्च किया। विवि के पास पहले ही अधिवक्ताओं का एक पैनल कार्यरत हैं, बावजूद इसके अन्य अधिवक्ता का चयन कर विद्यार्थी विकास के लिए प्राप्त निधि का दुरुपयोग किया गया है, ऐसा आरोप सर्वदलीय नेताओं ने लगाया। यह निधि संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति से वसूल कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गयी।
विवि के अतिथि गृह सभी सुविधाओं से लैंस होने के बाद भी कुछ सीनेट सदस्य अपने दौरे के दौरान निजी होटल्स में निवास कर विवि का निधि खर्च कर रहें है। यह प्रथा भी तत्काल बंद करने की मांग की गयी। साथ ही पूर्व नक्सली नेता भूपति की विवि में की गयी नियुक्ति को तत्काल खारिज करने की मांग इस दौरान की गयी। आंदोलन में रिपब्लिकन पार्टी के रोहिदास राऊत, आदिवासी कवि कुसुम अलाम, कम्युनिस्ट पार्टी के देवराव चवडे, बीआरएसपी के मिलिंद बांबोले, बसपा के ज्ञानेश्वर सोमनकर, आरपीआई के हंसराज उंदिरवाडे, प्रा.प्रकाश दुधे, वीर बाबूराव समिति के वसंत कुलसंगे, आदिवासी युवा परिषद के कुनाल कोवे, वंचित बहुजन आघाड़ी के नंदकिशोर भैसारे, अनिल बारसागडे, प्रा.राजन बोरकर, प्रदीप भैसारे, वी.सी.साखरे, एल.सी.मशाखेत्री, सिद्धार्थ दुधे समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Created On :  



