Gadchiroli News: जंगली हाथियों के झुंड ने 16 किसानों की धान की फसलें रौंदीं

जंगली हाथियों के झुंड ने 16 किसानों की धान की फसलें रौंदीं
  • कम बारिश के बीच फसल बचाने की जद्दोजहद पर फिरा पानी
  • नुकसानग्रस्त किसानों ने की तत्काल पंचनामा कर मुआवजा देने की मांग

Gadchiroli News गड़चिरोली जिले में जंगली हाथियों के झुंड ने धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग के आरमोरी वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चामोर्शी चक में सोमवार, 19 अक्टूबर की देर रात हाथियों के झुंड ने 16 किसानों के खेतों में प्रवेश कर धान की फसलों को रौंद दिया। इससे कटाई के करीब पहुंच चुकी धान की उपज को भारी नुकसान हुआ है। घटना से प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है।

5 वर्षों से जिले में विचरण कर रहा हाथियों का झुंड : प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगली हाथियों का झुंड पिछले 5 वर्षों से गड़चिरोली जिले में विचरण कर रहा है। वर्तमान में धान की फसल पकने के अंतिम चरण में है। इस वर्ष कम बारिश के बावजूद किसानों ने समय पर मेहनत कर फसल को बचाने का प्रयास किया। खरीफ सीजन की खेती के लिए कई किसानों ने बैंकों और अन्य स्रोतों से कर्ज लिया है। ऐसे में फसल को नुकसान पहुंचने से उनकी चिंता बढ़ गई है।

इन किसानों की फसलों को नुकसान : हाथियों के उत्पात से प्रभावित किसानों में वामन निंबोल, दीपक बानबले, कवडू निंबोल, मुखरु सावसाकडे, रेवनाथ सावसाकडे, वामन सावसाकडे, गुरुदेव लाकडे, नंदू नारनवरे, ओमकार धंदरे, मनोहर मगरे, राजू राऊत, बंडू लाकडे, दीपक मेश्राम, मिथुन मेश्राम, भूमेश्वर टेंभुर्णे और काशिनाथ डोंगरवार का समावेश है।

वन विभाग ने किया पंचनामा : जंगली हाथियों द्वारा धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नुकसान का पंचनामा किया और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन जल्द पूरा कर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से कुछ राहत मिल सके।


Created On :  

Tags

Next Story