Gadchiroli News: गडचिरोली जिले में खेत में काम कर रहे युवा किसान पर बाघ ने मारा झपट्‌टा, मौके पर मौत

गडचिरोली जिले में खेत में काम कर रहे युवा किसान पर बाघ ने मारा झपट्‌टा, मौके पर मौत
  • फसल निगरानी के दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने किया हमला
  • देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ढूंढने निकला तो खेत में मृत मिला

Gadchiroli News तहसील के पेंढरी वन परिक्षेत्र के तहत आने वाले ग्राम तुड़मेड के खेत परिसर में धान फसल की निगरानी कर रहे एक युवा किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में किसान की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी।

मृत किसान का नाम तुड़मेड निवासी शांताराम मनू मडावी (25) है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अल्प और अनियमित बारिश होने से सूखे की स्थिति निर्माण होने लगी है। ऐसी स्थिति में धान की फसल को सिंचित करने की अावश्यकता है। मंगलवार, 27 अक्टूबर की सुबह अपनी फसल की निगरानी और सिंचाई का कार्य करने युवा किसान शांताराम खेत पहुंचे। उनका खेत जंगल से सटा होकर खेती कार्य करते समय इसी जंगल में घात लगाए बैठे एक बाघ ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।

इस हमले में शांताराम की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। इस बीच शाम होने के बाद भी शांताराम घर नहीं लौटने से उनके परिजनों व ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान उनका शव खेत परिसर में लहुलूहान अवस्था में पाया गया। ग्रामवासियों ने तत्काल घटना की जानकारी वनविभाग को दी। जानकारी के मिलते ही वनविभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वन कर्मचारियों ने घटना का पंचनामा करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना किया। इस घटना के चलते एक बार फिर ग्रामवासियों व खासकर किसानों में भयपूर्ण माहौल निर्माण हुआ है।


Created On :  

Tags

Next Story