Gadchiroli News: धान कटाई कर रही 70 वर्षीय वृद्धा पर बाघ का हमला, मौके पर मौत

Gadchiroli News दशहरे पर जहां गांवों में खुशियों का माहौल था, वहीं एटापल्ली तहसील में बाघ के हमले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सरखेड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत इरपनपायली गांव के पास खेत में धान कटाई करने गई 70 वर्षीय बिलाशी आनंद बा पर बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इरपनपायली सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलाशी आनंद बा सुबह गांव के पास स्थित अपने खेत में धान काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी जान चली गई। घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। खेतों में काम करने जाने वाले किसानों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पहले भी बाघ के हमले में हुई थी मौत : एटापल्ली तहसील के जारावंडी क्षेत्र के डोलंदा गांव में इससे पहले बाघ के हमले में 57 वर्षीय हरि बोहरण वड्डे की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा था। नागरिकों ने जारावंडी में रास्ता रोको आंदोलन कर बाघ का तत्काल बंदोबस्त करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी।
बाघ के बंदोबस्त की मांग तेज : इरपनपायली में एक और बुजुर्ग महिला की मौत से जंगल से सटे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा फिर गंभीर हो गया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से खेतों में काम करने जाने वाले किसानों और मजदूरों में भय बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित वन विभाग से बाघ का तत्काल बंदोबस्त करने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Created On :  



