टिप्पणी: जेल जाना पसंद करूंगा लेकिन भाजपा में नहीं

जेल जाना पसंद करूंगा लेकिन भाजपा में नहीं
विजय वडेट्‌टीवार ने कहा

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली । पिछले कुछ दिनों से राज्य के विपक्षी नेता भाजपा का दामन थामने की चल रही चर्चा पर विराम लगाते हुए जिला मुख्यालय से समीपस्थ ग्राम शिवणी में आयोजित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के स्नेहमिलन में राज्य के विपक्षी नेता विजय वडेट्‌टीवार ने भाजपा पर जमकर तंज कसा। इस समय उन्होंने स्पष्ट किया कि, जेल में जाना पसंद करूंगा लेकिन भाजपा में कतई नहीं। इस समय उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से तन और मन से कार्य शुरू करने की अपील भी की।

बुधवार, 15 नवंबर को ग्राम शिवणी में कार्यकर्ताओं के लिए दिवाली स्नेहमिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समय कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र ब्राह्मणवाडे, जिला महासचिव डा. नामदेव किरसान, पूर्व विधायक डा. नामदेव उसेंडी, संतोष रावत, महिला जिलाध्यक्ष एड. कविता मोहरकर, प्रकाश देवतले, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष अजय कंकडालवार, रवींद्र दरेकर, बंडोपंत मल्लेलवार, सतीश वारजुरकर, मनोहर पोरेटी आदि प्रमुखता से उपस्थित थे। इस समय विपक्षी नेता वडेट्‌टीवार ने सभी कार्यकर्ताओं को दीपोत्सव की शुभकमानाएं देते हुए कहा कि, केंद्र सरकार संविधान बदलने का प्रयास कर रही है। अदानी और अंबानी से मिलकर यह सरकार देश को बेच रही है। जाति-धर्म में विवाद निर्माण कर लोगों को भड़काया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अब चुप बैठने वाले नहीं है। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका करारा जवाब मिलेगा। यदि सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ तो देश में बहुजनों पर गुलामी की नौबत आन पड़ सकती है। बुधवार को दिवाली का स्नेहमिलन आयोजित किया गया है, लेकिन आगामी 2024 में चुनाव खत्म होते ही इसी स्थान पर विजय मिलन कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। ऐसा विश्वास भी उन्होंने इस समय व्यक्त किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Created On :   16 Nov 2023 11:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story