रेस्क्यू: कुएं में गिरा तेंदुआ, निकालकर जंगल में छोड़ा

कुएं में गिरा तेंदुआ, निकालकर जंगल में छोड़ा
वन विभाग की टीम को करनी पड़ी मशक्कत

डिजिटल डेस्क, अर्जुनी मोरगांव (गोंदिया)। अर्जुनी मोरगांव तहसील के ग्राम कवठा बोड़दे निवासी आत्माराम टेंभूर्णे के खेत में स्थित कुएं में एक तेंदुआ गिर गया। जिसकी जानकारी उन्होंने तत्काल वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही नवेगांवबांध के वन परिक्षेत्राधिकारी एस.जी. अवगान ने तत्काल विभागीय कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजा और दो घंटे की मशक्कत के बाद कुएं में गिरे तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में उसे जंगल क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार अर्जुनी मोरगांव तहसील में इन दिनों वन्य प्राणियों का संचार अधिक हो गया है। तहसील में फिलहाल 20 से 25 हाथियों का झुंड जंगलों में भटक रहा है। जिन्होंने बाराभाटी और रामघाट में अनेक घरों एवं खेतों में बड़ा नुकसान किया है।

जंगली हाथियों के विचरण के कारण किसानों के साथ ही वन विभाग की भी नींद उड़ी हुई है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रात-दिन हाथियों के झुंड पर नजर बनाए हुए हंै। इस बीच 15 दिसंबर को दोपहर 12 बजे 7-8 माह के एक तेंदुए के कुएं में गिरने की जानकारी विभाग के अधिकारियों को मिली। कुएं में पानी कम होने के कारण तेंदुआ एक पत्थर पर बैठा हुआ था। जिसे वन परिक्षेत्राधिकारी एस.जी. अवगान ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर वन विभाग के रेस्क्यु टीम की मदद से कुए में पिंजरा डालकर उसे बाहर निकलवाया तथा बाद में उसे जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पुरा होने पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली।


Created On :   16 Dec 2023 10:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story