Gondia News: गोंदिया में बनेगा आईटीआई, जेल और एलिवेटेड सर्कल उड़ान पुल

गोंदिया में बनेगा आईटीआई, जेल और एलिवेटेड सर्कल उड़ान पुल
राज्य शासन ने 1 हजार करोड़ की राशि की मंजूर

Gondia News गोंदिया में जिला कारागृह निर्माण, आईटीआई की स्थापना तथा नागपुर की तर्ज पर एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर सहित विभिन्न विकास कार्यों की मांग को लेकर विधायक विनोद अग्रवाल शासन स्तर पर लगातार प्रयास कर रहे थे। आखिरकार, राज्य शासन ने लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की है।

शहर के यातायात को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विधायक विनोद अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बालाघाट टी-पॉइंट से कुड़वा स्थित साईं बाबा राइस मिल तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण की मांग की थी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत वाले इस फ्लाईओवर को मंजूरी प्रदान कर दी है। वर्तमान में परियोजना का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही पिछले चार वर्षों से लंबित रावणवाड़ी-कामठा-आमगांव मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वरूप में विकसित करने के लिए शासन ने 29 किलोमीटर लंबी परियोजना के लिए 290 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

नागपुर की तर्ज पर बनेगा एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर : गोंदिया में बनने वाला यह फ्लाईओवर नागपुर के एलिवेटेड रोटरी ब्रिज मॉडल पर आधारित होगा। यह एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को ऊपरी स्तर पर जोड़ेगा। बालाघाट टी-पॉइंट पर गोलाकार एलिवेटेड सर्कल बनाया जाएगा, जहां से कुड़वा, जिलाधिकारी कार्यालय मार्ग, नागरा रोड, हड्डीटोली ब्रिज तथा मरारटोली ब्रिज मार्ग आपस में जुड़ेंगे।

जेल और आधुनिक आईटीआई का भी होगा निर्माण :गोंदिया में पिछले 27 वर्षों से लंबित जिला कारागृह निर्माण को भी शासन की स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए 218 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। प्रस्तावित जिला जेल कारंजा स्थित पुलिस मुख्यालय के समीप बनाई जाएगी। वहीं फुलचुर स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) को आधुनिक एवं संसाधनयुक्त बनाने के लिए नई इमारत के निर्माण हेतु 116 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Created On :   1 July 2026 3:15 PM IST

Tags

Next Story