Gondia News: तिरोड़ा में सूखा, बाकी सात तहसीलों में नहीं! गोंदिया जिले को लेकर किसानों में बढ़ा आक्रोश

तिरोड़ा में सूखा, बाकी सात तहसीलों में नहीं! गोंदिया जिले को लेकर किसानों में बढ़ा आक्रोश
  • खरीफ 2026 के लिए राज्य की 265 तहसीलों में तिरोड़ा का समावेश, बाकी तहसीलें सूची से बाहर
  • 1.94 लाख हेक्टेयर में धान की बुआई, कम बारिश और कीट प्रकोप से फसलें बर्बाद होने की कगार पर
  • किसानों ने पूरे जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर आर्थिक मदद और नुकसान के पंचनामे की मांग की

Gondia News खरीफ 2026 मौसम के लिए राज्य की 265 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इसमें गोंदिया जिले की तिरोड़ा तहसील का समावेश किया गया है। जिले की केवल एक तहसील को सूखाग्रस्त सूची में शामिल किए जाने से किसानों में नाराजगी देखी जा रही है। किसानों ने मांग की है कि तत्काल जिले की अन्य सात तहसीलों को भी सूखाग्रस्त सूची में शामिल किया जाए।

जिले में बारिश की शुरुआत के दौरान समय पर वर्षा नहीं हुई। इस वजह से किसानों ने समय पर धान की बुआई नहीं की। इसके बाद बारिश के मौसम में भी अपेक्षाकृत कम बारिश हुई। इस वर्ष जिले में 1.94 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बुआई की गई थी। लेकिन मानसून की बेरुखी और फसलों में लगे कीटों के कारण फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं।

जिले को सूखाग्रस्त घोषित करें : “समय पर बारिश नहीं आने के कारण धान की फसलों को भारी पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। यहां तक कि फसलों पर बीमारियों का प्रकोप छा जाने से बची-कुछी फसलें भी हाथ से निकल रही हैं। तिरोड़ा तहसील की तरह ही संपूर्ण जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, किसानों को बोनस देने और तत्काल नुकसान के पंचनामे करने की मांग है। अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।” — सौरभ रोकड़े, सामाजिक कार्यकर्ता

आर्थिक मदद दी जाए : “सूखाग्रस्त घोषित करने में पक्षपातपूर्ण नीति अपनाई गई है। इस नीति का निषेध किया जा रहा है। धान की फसल अल्प बारिश और बीमारियों की चपेट में आने से नष्ट हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। कई बार कीटनाशकों का प्रयोग करने के बावजूद फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा है। जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को आर्थिक मदद दी जाए।” — राजकुमार पटले, उपसभापति, कृउबास, गोंदिया


Created On :   29 Sept 2026 2:59 PM IST

Tags

Next Story