गोंदिया: 15 तक होंगे रजिस्ट्रेशन, 29 तक की जाएगी धान खरीदी- किसान होंगे बोनस के हकदार

15 तक होंगे रजिस्ट्रेशन, 29 तक की जाएगी धान खरीदी- किसान होंगे बोनस के हकदार
  • किसान योजना का लाभ उठाएं
  • शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री कर सकेंगे

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. 31 जनवरी को शासकीय धान खरीदी का निर्धारित समय समाप्त हो जाने व 50 हजार से अधिक किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अब तक नहीं हो पाने की स्थिति को देखते हुए 31 जनवरी को राज्य के खाद्य एवं नागरी आपूर्ति विभाग की ओर से शासनादेश जारी कर एनईएमएल पोर्टल पर किसानों के रजिस्ट्रेशन की अवधि बढ़ाकर 15 फरवरी कर दी गई है। जबकि पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करवाने वाले किसान अब 29 फरवरी तक शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री कर सकेंगे। गौरतलब है कि जिले में 31 जनवरी तक 1 लाख 24 हजार 179 किसानों ने शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाए हंै। जबकि जिले में किसानों की संख्या लगभग 2 लाख है।

रजिस्ट्रेशन करवाने वाले किसानों में से भी अब तक 74 हजार 769 किसानों ने ही मार्केटिंग फेडरेशन के सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री की है। जबकि 49 हजार 410 किसान अभी भी धान की बिक्री नहीं कर पाए हैं। 31 जनवरी तक जिले में मार्केटिंग फेडरेशन के 183 केंद्रों पर कुल 24 लाख 28 हजार 630 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। इस स्थिती को देखते हुए पहले से ही अनुमान लगाया जा रहा था। कि किसानों को ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन कराने में आने वाली तकनिकी परेशानियों तथा लक्ष्य से कम हुई खरीदी को देखते हुए राज्य सरकार किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन और धान की बिक्री के लिए समयावधी बढ़ा सकती है। अंतत: 31 जनवरी को इस संबंध में शासनादेश जारी हो जाने से जिले के किसानों को बड़ी राहत मिली है।

पंजीयन करने वाले किसान होंगे बोनस के हकदार

राज्य सरकार ने इस वर्ष खरीप मौसम के लिए धान उत्पादक किसानों को दो हेक्टेयर की मर्यादा तक 20 हजार रूपए प्रति हेक्टेयर बोनस देने की घोषणा की है। लेकिन इसके लिए सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले किसान ही बोनस के हकदार होंगे, फिर चाहे उन्होंने सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री की हो अथवा न की हो। इसे देखते हुए अब तक जो किसान रजिस्ट्रेशन से वंचित रहे है। उन्हें एक अवसर पर मिल गया है। अब वे 15 फरवरी तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे।किसान योजना का लाभ उठाएं

चिन्मय गोतमारे, जिलाधिकारी के मुताबिक जिले के धान उत्पादक किसान अब 15 फरवरी तक एनईएमएल पोर्टल पर पंजीयन के लिए अपने नजदीकी शासकीय धान खरीदी केंद्र पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते है। इसके लिए उन्हें सातबारा प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं मोबाईल नंबर आदि दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। उसी प्रकार किसान अब 29 फरवरी 2024 तक अपने धान की बिक्री शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर कर सकेंगे। जिले के किसान इस अवसर का लाभ उठाकर शासकीय धान खरीदी योजना का लाभ लें।


Created On :   2 Feb 2024 10:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story