- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवालयों...
जबलपुर न्यूज: श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
डिजिटल डेस्क जबलपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर संस्कारधानी जबलपुर के प्रमुख शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। शहर के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, श्री गैबीनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, तिलवारा स्थित त्रिपुर सुंदरी परिसर के शिवालय सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया।
मंदिर परिसर पूरे दिन 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु कांवड़ में पवित्र जल लाकर भोलेनाथ का अभिषेक करते नजर आए।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियों ने सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक इंतजाम किए थे। बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और पुलिस बल की तैनाती से दर्शन व्यवस्था सुचारु रही। दिनभर रुद्राभिषेक, शिव महिम्न स्तोत्र, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता रहा। श्रावण के प्रथम सोमवार पर पूरा शहर शिवभक्ति और आध्यात्मिक उल्लास में सराबोर नजर आया।
Created On :   3 Aug 2026 6:34 PM IST











