नक्सली दंपति का एक और मददगार पकड़ाया

नक्सली दंपति का एक और मददगार पकड़ाया
एटीएस ने एनआईए कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया, चल रही पूछताछ

डिजिटल डेस्क जबलपुर। एटीएस द्वारा 22 अगस्त को गोहलपुर क्षेत्र स्थित एक अस्पताल से गिरफ्तार किए गए 82 लाख के इनामी नक्सली अशोक रेड्डी और उसकी पत्नी रैमती के एक और मददगार साथी छेरमू सिंह तुलावी को पकड़ा है। उसकी गिरफ्तारी कहाँ से की गई है, पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। आरोपी को सोमवार को एनआईए कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे 9 सितम्बर तक की रिमांड पर लिया गया है।

ज्ञात हो कि एटीएस टीम ने 22 अगस्त को 82 लाख के इनामी नक्सली सीपीआई माओवादी संगठन से जुड़े नक्सली अशोक रेड्डी और उसकी पत्नी रैमती उर्फ पोटाई को जबलपुर के एक अस्पताल में इलाज कराने के दौरान गिरफ्तार किया था। नक्सली दंपति को धन व अन्य सुविधाएँ मुहैया कराने व उन्हें जबलपुर लेकर आने के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद एटीएस ने मंडला जिले के कालपी के पास से उनके नक्सली साथी धनसिंह को 26 अगस्त को गिरफ्तार किया था। तीनों से की गई पूछताछ में एटीएस को उनके संगठन से जुड़ी अहम जानकारियाँ मिली थीं, उस आधार पर पुलिस ने नक्सली दंपति के एक और मददगार छेरमू सिंह तुलावी को गिरफ्तार किया है।

तीनों नक्सली केंद्रीय जेल में

जानकारी के अनुसार एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए इनामी नक्सली दंपति अशोक रेड्डी व उसकी पत्नी रैमती व उन्हें जबलपुर लेकर आने वाले साथी धनसिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। पूछताछ के बाद तीनों को केंद्रीय जेल जबलपुर भेजा गया था। केंद्रीय जेल में बंद नक्सलियों पर एटीएस नजर रखे हुए है। जेल के अंदर उनकी गतिविधियों, मिलने-जुलने वालोंं के संबंध में नजर रखी जा रही है।

प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा है छेरमू

जानकारी के अनुसार पकड़ा गया नक्सलियों का मददगार साथी छेरमू राम मूलत: छत्तीसगढ़, दुर्ग के लोहतरा ग्राम गुदुम का रहने वाला है। वह प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मऊ ईस्ट का सक्रिय सदस्य है। उसके नक्सली दंपति से संपर्क होने की जानकारी के आधार पर गिरफ्तारी की गई है।

Created On :   4 Sep 2023 5:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story