जबलपुर न्यूज: 6 कारों पर लगी काली फिल्म हटवाई, सड़कों पर खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई

शंकराचार्य चौक से लेकर आदर्श नगर गौरीघाट रोड तक यातायात पुलिस ने छेड़ा अभियान, दी सख्त हिदायत

डिजिटल डेस्क जबलपुर।चारपहिया वाहनों में लगी प्रतिबंधित काली फिल्म को अलग करवाने के लिए सोमवार की शाम यातायात पुलिस ने शंकराचार्य चौक गोरखपुर से लेकर आदर्श नगर गौरीघाट रोड तक चालानी कार्रवाई की। इस दौरान 6 कारों पर लगी काली फिल्म को निकलवाते हुए सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े 20 चारपहिया वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान संबंिधत कार चालकों को आगे से यातायात नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश भी दिए गए।

एसपी संपत उपाध्याय के आदेश पर यह कार्रवाई गढ़ा ट्रैफिक थाने के डीएसपी बैजनाथ प्रजापति के नेतृत्व में शाम 4 बजे शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान शंकराचार्य चौक से लेकर आदर्श नगर तक सड़कों पर जहां-तहां जमी गुमटियों को अलग करने के लिए कहा गया। इसके अलावा 20 कारों को भी यहां से अलग करवाते हुए 6 कारों पर लगी काली फिल्में हटवाई गईं। इसके साथ ही 40 ऐसे दोपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई हुई जिनकी नंबर प्लेट्स या तो गायब थीं, अथवा उसमें टेढ़े-मेढ़े नंबर चस्पा थे। कार्रवाई में इंद्रा ठाकुर, निरीक्षक निदेश शर्मा, वीरेन्द्र आरख, गंगाराम पाल, शिवचरण दुबे आदि मौजूद रहे।

डुमना रोड पर भी हुई कार्रवाई -

इसी प्रकार ट्रैफिक थाना घमापुर एवं डुमना पुलिस चौकी के स्टाफ ने रविवार की शाम डुमना रोड पर चेकिंग कार्रवाई की थी। उक्त मार्ग पर स्पीड बाइकर, ब्लैक फिल्म लगी कारों, अमानक नंबर, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकें और बिना नंबर वाले दोपहिया वाहनों सहित 67 गाड़ियों पर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान सूबेदार रोहित तिवारी, सत्यप्रकाश सचान एवं संध्या तिवारी आदि मौजूद रहे।


Created On :   27 July 2026 10:32 PM IST

Tags

Next Story