- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति में...
जबलपुर: पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति में 88 करोड़ रुपए का बजट बढ़ाया गया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। लम्हेटा से नर्मदा के उस पार लम्हेटी तक 792 मीटर की लंबाई में बन रहा रिवर केबल स्टे ब्रिज अब 177 करोड़ की राशि से बनाया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने इसकी पुनरीक्षित राशि की स्वीकृति दे दी है।
अभी तक इसका निर्माण 89 करोड़ से हो रहा था लेकिन इसकी लंबाई बढ़ने पर इसका बजट बढ़ाया गया है। राशि बढ़ने के बाद इसके जल्द बनने का भी मार्ग प्रशस्त हो गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में शहर से लम्हेटा से उस पार लम्हेटी के बीच नर्मदा नदी पर पहुँच मार्ग सहित झूला पुल के निर्माण के लिए 89 करोड़ राशि की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई थी। तकनीकी कारणों से परियोजना की लागत बढ़कर 177 करोड़ 13 लाख रुपये हो गई है।
इसके निर्माण से 18 गाँवों की 45 हजार जनसंख्या और पर्यटकों को सुगमता होगी। पंचकोसी यात्रा के श्रद्धालुओं को घूमकर या नाव से नदी पार करके नहीं जाना पड़ेगा तथा वर्षाकाल में आवागमन सहज हाे सकेगा।
2025 में तैयार करने का दावा| लोक निर्माण सेतु के ईई नरेन्द्र शर्मा कहते हैं कि इसका निर्माण अब मार्च 2025 तक पूरा हो सकेगा। अभी यह 70 फीसदी बन सका है। इसमें शुरुआती हिस्से से लेकर उस पार कुछ मकान भी अलग किये जाने हैं जिसके लिए वित्त की समस्या थी अब वह दूर हो चुकी है।
केबल स्टे ब्रिज के ऊपर चलने के लिए 12.5 मीटर की सड़क मिलेगी। इसमें निर्माण के दौरान यह शर्त है कि नर्मदा के नैसर्गिक बहाव क्षेत्र में किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। किसी तरह से नर्मदा को हानि नहीं होगी।
Created On :   5 March 2024 7:16 PM IST















