जबलपुर: कई जगह नालियों से होकर गुजर रही पेयजल की लाइन, नगर निगम नहीं करा रहा सुधार कार्य

कई जगह नालियों से होकर गुजर रही पेयजल की लाइन, नगर निगम नहीं करा रहा सुधार कार्य
निरीक्षण तो करते हैं पर दोबारा लौटकर नहीं आते कर्मचारी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

शहर के कई इलाकों में नगर निगम के नलों से मटमैला और प्रदूषित पानी आ रहा है। इसका मुख्य कारण कई क्षेत्रों में पेयजल लाइन नालियों में डाली गई है। इससे नालियों का गंदा पानी पेयजल लाइन के जरिए लोगों के घरों में पहुँच रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी नगर निगम सुधार कार्य नहीं करा रहा है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नया मोहल्ला, त्रिमूर्ति नगर, स्नेह नगर, संजीवनी नगर, गुरंदी और मदार टेकरी क्षेत्र में मटमैला और प्रदूषित पानी आ रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि शहर में कई जगह नालियों से पेयजल लाइन डाली गई है। जहाँ-जहाँ पर लीकेज है, वहाँ पर नालियों का प्रदूषित और गंदा पानी पेयजल लाइन में भर जाता है। जैसे ही नल चालू होते हैं, पहले मटमैला और बदबूदार पानी आता है। इसके बाद साफ पानी आना शुरू होता है। लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी नगर निगम के अधिकारी सुधार कार्य नहीं करा रहे हैं। इसके कारण समस्या बढ़ती जा रही है। नया मोहल्ला निवासी ज्योति यादव और पूजा जायसवाल का कहना है कि उनके क्षेत्र में एक महीने से लगातार मटमैला और प्रदूषित पानी आ रहा है। कई बार जल विभाग में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

नगर निगम में मटमैले और प्रदूषित पानी की शिकायत होने पर जल विभाग के कर्मचारी एक बार औपचारिकता के लिए मौके का निरीक्षण करते हैं। समस्या देखने के बाद वे दोबारा वापस नहीं आते। कर्मचारियों से बात करने पर जवाब मिलता है कि फाॅल्ट पकड़ में नहीं आ रहा है। इससे लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है।

शहर में कुछ क्षेत्रों से मटमैला पानी आने की शिकायत मिली है। कर्मचारियों को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

- कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री

Created On :   17 Oct 2023 9:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story