- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 15 से 20 प्राध्यापक रोज देरी से...
होमसाइंस कॉलेज: 15 से 20 प्राध्यापक रोज देरी से कॉलेज पहुंचते हैं और बीच में हो जाते हैं गायब

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नैक से ए ग्रेड प्राप्त होमसाइंस कॉलेज की गरिमा को कुछ प्राध्यापक और कर्मचारी ठेस पहुंचा रहे हैं। न तो वे शासन द्वारा निर्धारित िकए गए समय पर संस्थान में आते हैं और न ही उतने समय तक रुकते हैं जितना समय उन्हें देना चाहिए। यही वजह है कि ऐसे प्राध्यापक और कर्मचारियों के लिए कॉलेज के गेट पर ही एंट्री रजिस्टर रखवाया गया है।
इससे कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है लेकिन नियमों को मानने वाले खुश हैं। यह कहना है सन 1954 में स्थापित किए गए शासकीय मोहनलाल हरगोविंददास गृहविज्ञान एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. समीर कुमार शुक्ला का। विगत दिनों कुछ महिला प्राध्यापकों ने क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक को शिकायत सौंपी थी कि उन्हें कॉलेज के गेट पर रोककर रजिस्टर में एंट्री कराई जा रही है।
इस पर डॉ. शुक्ला ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि महाविद्यालय में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का प्रभावी एवं कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। छात्राओं की नियमित उपस्थिति, निर्धारित गणवेश में महाविद्यालय आगमन, समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन तथा प्रत्येक प्राध्यापक द्वारा निर्धारित कार्य अवधि का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए हैं।
सुबह 11 से शाम 4 तक लगेगा बैरियर - डॉ. शुक्ला ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 11 से शाम 4 बजे तक कॉलेज का मुख्य प्रवेश द्वार बैरियर से बंद रहेगा। यदि किसी अधिकारी, प्राध्यापक, अतिथि विद्वान अथवा कर्मचारी को किसी शासकीय अथवा अन्य कार्य से परिसर से बाहर जाना आवश्यक हो, तो उन्हें प्राचार्य को सूचित कर गेट रजिस्टर में कारण सहित प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि संस्थान में अनुशासन एवं जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
बच्चों का कोर्स समय से पूरा नहीं हो रहा
प्रिंसिपल का कहना है कि कॉलेज में 15 से 20 नियमित प्राध्यापक ऐसे हैं जो समय पर कॉलेज नहीं आते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई और अन्य कोर्स वर्क समय पर पूरा नहीं हो पाता है। शासन जितना वेतन देता है उसके हिसाब से प्राध्यापकों को प्रतिदिन करीब 6 घंटे 20 मिनट तो कॉलेज में रुकना ही चाहिए। इसी प्रकार कॉलेज में करीब 35 से 40 दैनिक वेतन भोगी हैं जिनमें से 20 से 25 अपना कार्य ठीक से नहीं कर रहे हैं। वे भी हमेशा गायब रहते हैं और यही वजह है कि कुछ कठोर निर्णय लेने पड़ रहे हैं।
Created On :   4 Aug 2026 6:03 PM IST









