- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- स्कूल के सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगी...
Jabalpur News: स्कूल के सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगी जनगणना में, बच्चे धूप से परेशान होकर घर वापस चले गए

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राष्ट्रीय महत्व के कार्य जनगणना में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। शिक्षक चाहकर भी इनकार नहीं कर पा रहे हैं। वहीं ड्यूटी लगाने वालों ने बच्चों की चिंता तक नहीं की कि जब स्कूल के सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी जाएगी, तो छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और उनकी सुरक्षा का क्या होगा। ऐसा ही वाकया गुरुवार काे पुरवा धनवंतरि नगर में देखने मिला। यहां शाला प्रधान के साथ ही सभी 11 शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई।
बच्चे स्कूल पहुंचे और काफी देर इंतजार भी किया लेकिन जब कोई शिक्षक नहीं आया तो वे भी परेशान होकर वापस चले गए। वहीं बहुत से बच्चों को पैदल ही घर जाना पड़ा। इन दिनों जनगणना का कार्य कराया जा रहा है और स्कूली शिक्षकों के साथ ही कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है। न तो किसी विभाग ने कार्य से इनकार किया और न ही किसी शिक्षक या कर्मचारी ने।
जनगणना देश का कार्य माना जाता है लेकिन इस कार्य को करने के तरीकों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। दर्जनों स्कूल ऐसे हैं जहां शिक्षक बचे ही नहीं हैं। ऐसे में या तो बच्चों की पहले ही छुट्टी कर देनी चाहिए या फिर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए थी, ताकि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ ही देखभाल कर सकें।
गुरुवार को माध्यमिक शाला धनवंतरि नगर में कोई शिक्षक नहीं पहुंचा। जानकारी ली गई तो पता चला कि सभी की ड्यूटी जनगणना में है। हायर सेकेंडरी स्कूल गढ़ा में 37 शिक्षक हैं, जिनमें से 22 की ड्यूटी लगा दी गई। बरगी हिल्स में 7 में से 5 की ड्यूटी लगाई गई।
एकीकृत माध्यमिक शाला गढ़ा 2 के 7 में से 6 शिक्षकों को जनगणना में लगा दिया गया। यही हाल अधिकांश स्कूलों का है और बच्चे स्कूल पहुंचते जरूर हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं रहती।
आपस में लड़ते नजर आते हैं बच्चे
बताया जाता है कि बहुत से स्कूलों में शिक्षकों के न रहने पर बच्चे खेलते हैं और इसी दौरान उनका आपसी विवाद हो जाता है। ऐसे में वे बेहद असुरक्षित हो जाते हैं। कब उनके साथ गंभीर हादसा हो जाए कहा नहीं जा सकता।
बेहतर होगा कि शिक्षा विभाग ऐसे स्कूलों के लिए कोई खास इंतजाम करे, जिनमें सभी शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगा दी गई या बहुत कम शिक्षक बचे हैं। जनगणना के संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते हैं।
Created On :   24 April 2026 3:06 PM IST












