- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- विजयनगर कचनार सिटी गली नंबर-5 में...
Jabalpur News: विजयनगर कचनार सिटी गली नंबर-5 में खड़ी कार में अचानक लगी आग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। विजयनगर कचनार सिटी गली नंबर-5 में गुरुवार दोपहर 3.45 बजे एक खड़ी कार में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। विजयनगर कचनार सिटी गली नंबर-5 में निवास करने वाले दीपेश तिवारी ने बताया कि डॉग हाॅस्टल के पास उनके साले आयुष मिश्रा की कार क्रमांक एमपी-09-टीए-8212 पार्क थी।
दोपहर 3.45 बजे कार में अचानक आग लग गई। उनके द्वारा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम जब तक मौके पर पहुंचती, तब तक आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पूर्व नगर निगम के कर्मचारी मौके पर काम कर रहे थे।
किसी के द्वारा कचरे में आग लगाई गई। इसके बाद कचरे में लगी आग फैलकर कार तक जा पहुंची और कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग से आसपास मौजूद कुछ पेड़ भी जल गए। हालांकि फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग लगने का कारण अज्ञात बताया है।
इधर, झाड़ियों और ट्रांसफाॅर्मर में लगी आग
शहर के अलग-अलग क्षेत्राें में गुरुवार को झाड़ियों और ट्रांसफाॅर्मर में आग लगने की घटनाएं घटित हुईं। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री के आसपास झाड़ियों में आग लग गई। आग की लपटों और धुएं से दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।
इसी तरह पुल नंबर-3 के पास दोपहर 3.50 बजे झाड़ियों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। वहीं दोपहर 3.10 बजे सिविल लाइन्स लोहिया पुल के पास ट्रांसफाॅर्मर में आग लगने की सूचना मिली। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग को बुझाया। इधर शाम 6 बजे हाेमसांइस कॉलेज रोड पर ट्रॉसंफार्मर के नीचे कचरे में आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
Created On :   24 April 2026 3:14 PM IST












