- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अब ई-चेक पोस्ट में ऑटोमेटिक हो...
Jabalpur News: अब ई-चेक पोस्ट में ऑटोमेटिक हो जाएगी खनिज के अवैध परिवहन की जांच-पड़ताल
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अवैध खनिज के परिवहन और निर्धारित टीपी से अधिक मात्रा में परिवहन रोकने शासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। इसके लिए सबसे पहले ई-चेक पोस्ट बनाने पर जाेर दिया जा रहा है। जहां कहीं भी ये नाके संचालित हो रहे हैं वहां अवैध खनिज परिवहन की ऑटोमेटिक जांच हो जाएगी। इसके बाद यह नाकों से ई-नोटिस तैयार होकर वाहन मालिक के पते और ई-मेल में पहुंचेगा।
इतना ही नहीं अवैध परिवहन का जुर्माना जमा नहीं करने व नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर वाहनों का पंजीयन निरस्त होगा। इस नई व्यवस्था के संचालन के लिए खनिज परिवहन में लगे सभी वाहनों (हाइवा-डम्पर) में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित यंत्र लगाना होगा। यह यंत्र वाहन मालिक स्वयं के व्यय से लगवाएंगे।
अगर किसी वाहन मालिक द्वारा इस अनिवार्यता का पालन नहीं किया गया तो वाहन का पंजीयन निरस्त होगा। शासन स्तर पर 16 अप्रैल को इस आशय का निर्णय लिया गया है, जिसका स्थानीय माइनिंग विभाग द्वारा सख्ती से पालन कराने वाहनों काे चेक कर मालिकों को समझाइश दी जाने लगी है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से यह देखने में आ रहा है कि अवैध खनिज परिवहन में प्रयुक्त अधिकांश वाहनों में अधिक मात्रा में परिवहन होने पर उसके मूल्यांकन में समय लगता है और कई बार तो वाहन निकलने में सफल भी हो जाते हैं। मगर अब ई-चेक पोस्ट में इन्हें आसानी से ट्रेस किया जा सकेगा।
पंजीयन निरस्त किए जाएंगे
इस नए फरमान के बाद अब सभी वाहनों में यह आधुनिक यंत्र लगाना अनिवार्य होगा। माइनिंग अधिकारियों का कहना है कि वाहनाें में इस यंत्र के लगने से चेक पोस्ट में अवैध खनिज की जांच में आसानी होगी। जानकारों का कहना है कि आरटीओ में सभी वाहनों का पंजीयन होने के कारण ई-चेक पोस्ट से खनिज से भरे वाहनों की ऑटोमेटिक जांच हो जाएगी। जिन वाहनों में अनियमितता पाई जाएगी, उनके विरुद्ध ई-चेक पोस्ट से नोटिस बनने के बाद आरटीओ के माध्यम से ई-चालान संबंधित वाहन मालिक तक पहुंचेगा और उस पर अगली कार्रवाई संधारित होगी।
Created On :   24 April 2026 3:20 PM IST












