Jabalpur News: रेलवे स्टेशन में अपराधी के पहुंचते ही बजने लगा कंट्रोल रूम का सायरन

रेलवे स्टेशन में अपराधी के पहुंचते ही बजने लगा कंट्रोल रूम का सायरन
प्लेटफाॅर्म पर फेस रिकग्निशन कैमरे ने भेजा अलर्ट

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन में जैसे ही अपराधी ने प्रवेश किया अचानक से आरपीएफ में बने कंट्रोल रूम का सायरन बज उठा। सायरन के बजते ही अमला अलर्ट मोड पर आ गया और आनन-फानन में प्लेटफाॅर्म पर पहुंचा जिसके बार घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। यह सब संभव हुआ है स्टेशन में लगे एफआरसी (फेस रिकग्निशन कैमरे) से।

प्लेटफाॅर्म के साथ ही फुटओवर ब्रिज पर ऐसे 8 कैमरे लगाये गये हैं जो अपराधियों का चेहरा पहचान कर अलर्ट का मैसेज भेजेंगे। स्टेशन में कैमरे लगाने के साथ ही ढाई सौ अपराधियों का फोटो सहित पूरा काला चिट्ठा भी दर्ज किया गया है।

आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि नीतेश विश्वकर्मा उर्फ नित्तू निवासी भानतलैया जो कि आदतन अपराधी है और उसके ऊपर जीआरपी, आरपीएफ जबलपुर व कटनी में 12 मामले जबकि बेलबाग, हनुमानताल थाना में 10 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं।

अपराधी जैसे ही स्टेशन पहुंचा और एक यात्री का मोबाइल चुराने की कोशिश कर रहा था स्टेशन पर लगे एफआरएस सीसीटीवी कैमरों ने कंट्रोल रूम में अलर्ट दिया। इसके बाद एसआई आरके चंदेल और सूर्यनाथ यादव ने टीम के साथ पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा गया है।

कैसे करता है काम

मुख्य रेलवे स्टेशन के साथ ही सभी जगह अभी कैमरे तो लगे हैं जिससे निगरानी की जा रही है। अब लेकिन रेलवे स्टेशनों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 4 केयूएचडी कैमरे लगाये गये हैं। इनकी खासियत यह होती है कि फेस से अपराधियों को पकड़ लेंगे।

अपराधी की फोटो साॅफ्टवेयर में अपलोड होते ही जैसे ही स्टेशन में अपराधी पहुंचेगा कैमरा अपने साॅफ्टवेयर में लिंक होते ही सभी 4के यूएचडी कैमरे में तस्वीर पहुंच जाएंगी। जब उस फोटो से मैच करता कोई व्यक्ति कैमरे के सामने से गुजरेगा, तो कैमरा साॅफ्टवेयर की मदद से अपने आप कंट्रोल रूम को जानकारी देगा।

अभी यहां लगाये गये हैं कैमरे

मुख्य स्टेशन में प्लेटफाॅर्म नंबर 6 के एंट्री गेट पर 3 फेस रिकग्निशन कैमरे, एक नंबर प्लेटफाॅर्म के एंट्री गेट पर 2 और 2 फुटओवर ब्रिज में और 1 कैमरा एस्केलेटर के पास लगाया गया है। कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम आरपीएफ थाना में बनाया गया है। कैमरे के लिए आरपीएफ थाना, जीआरपी, वन विभाग और जबलपुर, कटनी जिलों के थानों में दर्ज ढाई सौ अपराधियों का रिकाॅर्ड दर्ज है।

Created On :   16 Feb 2026 6:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story