योजना अटकी: मदन महल की पहाड़ी पर अब भी काबिज हैं सैकड़ों अतिक्रमण

मदन महल की पहाड़ी पर अब भी काबिज हैं सैकड़ों अतिक्रमण
दो साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया स्मारक का निर्माण कार्य

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मदन महल की पहाड़ी पर 24 एकड़ भूमि पर वीरांगना रानी दुर्गावती का स्मारक और उद्यान बनाए जाने की योजना को उपेक्षा का ग्रहण लग गया है। आलम यह है कि दो साल की समय सीमा गुजर जाने के बाद भी योजना पर काम शुरू नहीं हो पाया है। जिस स्थान पर स्मारक और उद्यान बनाए जाने हैं वहां से अतिक्रमण तक हटाए नहीं गए हैं। योजना किस स्तर पर अटकी है उसे लेकर जिम्मेदार अधिकारी खुलकर नहीं बता पा रहे हैं।

दो साल पहले हुआ था भूमि पूजन

स्मारक एवं उद्यान का भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 अक्टूबर 2023 को किया था। उस समय बताया गया था कि करीब 100 करोड़ रुपए से रानी दुर्गावती का स्मारक और उद्यान बनाया जाएगा। इसके लिए पहाड़ी की करीब 24 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होगा। हालांकि प्रोजेक्ट के लिए यह पहले ही कह दिया गया था कि पहाड़ी संरचनाओं से किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं किया जाएगा और उसका मूल स्वरूप बरकरार रखते हुए सारे निर्माण कार्य किए जाएंगे।

पत्राचार कर रहे

मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के कार्यपालन यंत्री वीरेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि इस मामले में संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा।

Created On :   16 Feb 2026 3:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story