Jabalpur News: 3 किमी लंबा बने दीनदयाल फ्लाईओवर तभी जाम से मिलेगी निजात

3 किमी लंबा बने दीनदयाल फ्लाईओवर तभी जाम से मिलेगी निजात
लोक निर्माण सेतु इस फ्लाईओवर के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर रहा, चौराहे से इसको आगे 1200 से 1500 मीटर तक बनाने का प्लान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राज्य सरकार के गठन के तुरंत बाद दीनदयाल चौक पर एक लंबा फ्लाईओवर बनाने की घोषणा की गई। इसके बाद हाल ही में उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा था कि दीनदयाल चौक पर फ्लाईओवर के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। बताया जाता है कि इस फ्लाईओवर के लिए लोक निर्माण सेतु अब डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर रहा है।

डीपीआर बनने के बाद इसकी आगे की प्रोसेस को भी जल्द अंजाम तक पहुंचाने की कोशिश है। लोगों का कहना है कि इस फ्लाईओवर को दीनदयाल चौराहे से पहले कृषि उपज मंडी की ओर से चौराहा क्राॅस करते हुए माढ़ोताल तिराहे के दोनों ओर रैम्प उतरने चाहिए।

एक तरफ पाटन की ओर उतरे, तो एक कटंगी की ओर रैंप उतरने से इस हिस्से में ट्रैफिक की पूरी अराजकता से निपटा जा सकता है। केवल 1200 से 1500 मीटर के निर्माण से इस समस्या का समाधान नहीं हो सकता। फ्लाईओवर कम से कम 3 किलोमीटर का बने।

कई किलोमीटर तक हर आधे घंटे में जाम

यह फ्लाईओवर 3 से 4 लाख की आबादी को बड़ी राहत दे सकता है। फिलहाल इस पूरे इलाके में जनता हर आधे घंटे में लगने वाले ट्रैफिक जाम से परेशान है।

आईएसबीटी से निकलने वाली बसें दीनदयाल चौक पर यात्री बैठाने के चक्कर में खड़ी की जाती हैं। सब्जी के ठेले, ऑटो और ई-रिक्शा की धमाचौकड़ी, कृषि सामग्री से लदे वाहन और लोडिंग वाहनों के बीच इस पूरे एरिया से निकलना बेहद चुनौतियों भरा है। जानकारों का कहना है कि लंबा फ्लाईओवर बनने से ही समस्या का स्थाई समाधान हो सकता है।

एक नजर इस पर

{ दीनदयाल चौक से 3 किलोमीटर में हर घंटे जाम के हालात।

{ चौराहे से पहले कृषि उपज मंडी, सब्जी के ठेले और कब्जे।

{ चौराहे पर बसों का जमावड़ा, ऑटो की धमाचौकड़ी हमेशा बनी रहती है।

{ माढ़ोताल के हिस्से में दो हाईवे के चौराहे का ट्रैफिक शहर की ओर।

सेन्ट्रल से फण्ड मिले तो निर्माण जल्द

2 से 3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का किसी हिस्से में निर्माण होना है, तो उसके लिए केन्द्रीय रोड फण्ड से वित्तीय मदद मिले तो इसका निर्माण सहज हो जाता है। केन्द्र से मदद मिलने पर इसमें निर्माण की प्रोसेस जल्द पूरी कर ली जाती है। किसी तरह से वित्त की कमी नहीं होती। बता दें कि दमोहनाका-मदन महल फ्लाईओवर भी सेंट्रल फण्ड से ही बना है। इसी तरह 350 करोड़ से हवाबाग काॅलेज की ओर ग्वारीघाट की ओर एक नया फ्लाईओवर भी सेन्ट्रल रोड फण्ड से स्वीकृत किया गया है।

भू-अर्जन की भी कम जरूरत

लोक निर्माण सेतु के अधिकारियों के अनुसार दीनदयाल चौक से माढ़ोताल तिराहे के आगे तक फ्लाईओवर बनने में भू-अर्जन की कम जरूरत पड़ेगी। यह रोड पहले से 32 मीटर चौड़ी है यानी 100 फीट से ज्यादा है। इन हालातों में निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति बजट, टेण्डर और करार के साथ काम शुरू होने का रास्ता जल्द साफ हो सकता है। इसके निर्माण से यह फायदा यह होगा कि पूरे एरिया का ट्रैफिक सिस्टम स्मूद हो जाएगा।

Created On :   2 April 2026 6:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story