Jabalpur News: पहले डिवाइडर उसके बाद रेलिंग से जा टकराया बाइक चला रहा युवक, इलाज से पहले गई जान

पहले डिवाइडर उसके बाद रेलिंग से जा टकराया बाइक चला रहा युवक, इलाज से पहले गई जान
तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित जलशोधन संयंत्र के सामने हाईवे रोड पर हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित जल शोधन संयंत्र के सामने हाईवे रोड पर बाइक से जा रहा एक युवक पहले तो रोड डिवाइडर और फिर उसमें लगी रेलिंग से टकरा गया। इस हादसे में गंभीर चोटें आने के बाद इलाज के दौरान अस्पताल में युवक की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार लम्हेटा रोड चौकीताल भेड़ाघाट निवासी 16 वर्षीय अनुराग पटेल ने थाने आकर सूचना दी। उन्होंने बताया कि वे डीजे बजाने का कार्य करते हैं और सोमवार की शाम करीब साढ़े 7 बजे उनका 19 वर्षीय भाई शिवम पटेल अपनी बाइक क्रमांक एमपी 20 जेड एक्स 4901 से लखनादौन तक गया हुआ था।

इसके बाद वापस लौटते समय वह अचानक तिलवारा जल शोधन संयंत्र के सामने हाईवे रोड पर अचानक बाइक सहित डिवाइडर से टकराकर उसकी रेलिंग से भी टकरा गया। इससे शिवम को हाथ-पैर एवं सिर में चोटें आ गईं और 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।

घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

कुण्डम थाना क्षेत्र स्थित चौरई सहदरा मोड़ बसा नाला के पास बाइक से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार केरी टोला ग्राम निवासी मान सिंह सैयाम ने थाने में आकर सूचना दी।

इसमें बताया गया है कि मंगलवार की सुबह उनका 28 वर्षीय पुत्र वीरन सिंह सैयाम बाइक से चौरई तरफ से घर आ रहा था, तभी वह सड़क हादसे में घायल हो गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सड़क हादसा होने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Created On :   1 April 2026 6:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story