- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हॉकरों से घर-घर सिलेंडर पहुंचाने से...
Jabalpur News: हॉकरों से घर-घर सिलेंडर पहुंचाने से मिल सकती है उपभोक्ताओं को राहत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। युद्ध के हालातों के चलते गहराए एलपीजी संकट को दूर करने अब हॉकरों के माध्यम से घर-घर सिलेंडर पहुंचाने का नया रास्ता खोजा जा रहा है। उपभेाक्ताओं का भी मानना है कि अगर पूर्व की तरह ही बुकिंग के बाद हॉकर द्वारा तय समय में घरों तक सिलेंडर पहुंचा दिया जाएगा तो बेवजह की परेशानी से बचा जा सकता है। इन दिनों सिलेंडर पाने के लिए बुकिंग करने के बाद घंटों एजेंसी के सामने धूप में खड़े होकर पर्ची कटवानी पड़ रही है।
किसी तरह से पर्ची कट भी गई तो फिर दूसरी बार सिलेंडर के लिए लंबी कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। इस तरह से सुबह से शाम तक आम आदमी सारा कामकाज छोड़कर सिलेंडर की लाइन में खड़ा हो रहा है जिससे बेवजह की परेशानी हो रही है।
जानकारों का कहना है कि प्रशासन द्वारा एजेंसी व गोदाम से सिलेंडर देने के बजाय हॉकरों के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाने का सिस्टम बनाया जा रहा है। लोगों का मानना है कि इस सिस्टम को जल्द प्रभावी किया जाना चाहिए। सभी एजेंसियों के लिए इसे लागू किया जाना चाहिए। इससे ही आम जनता को लंबी लाइन से छुटकारा मिल सकेगा।
पूर्व में हॉकर ही लाकर देता था सिलेंडर:
लोगों का कहना है कि पूर्व में यही व्यवस्था थी कि हॉकर ही घर में सिलेंडर पहुंचाकर देता था। उपभोक्ता केवल ऑनलाइन बुकिंग करते हैं। इसके बाद जैसे ही नंबर आता है तो एजेंसी से उक्त उपभोक्ता की पर्ची कटने के बाद पर्ची और सिलेंडर दोनों ही हॉकर उपभोक्ता के घर लेकर पहुंचते हैं जहां राशि का भुगतान होने के साथ ही सिलेंडरों की डिलीवरी हो जाती है, मगर एलपीजी संकट के चलते हॉकर घर तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं, वहीं एजेंिसयों में लोगों को एक बार नहीं दो बार लाइन लगानी पड़ रही है।
Created On :   1 April 2026 3:08 PM IST












