Jabalpur News: ऑटो, ई-रिक्शा की अवैध पार्किंग ने बिगाड़ी व्यवस्थित चौराहे की तस्वीर, लोग हो रहे त्रस्त

ऑटो, ई-रिक्शा की अवैध पार्किंग ने बिगाड़ी व्यवस्थित चौराहे की तस्वीर, लोग हो रहे त्रस्त
अराजकता दमोहनाका चौक पर दिन भर लगता है जाम, सफाई व्यवस्था भी चौपट

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। फ्लाईओवर की सौगात मिलने के बाद दमोहनाका चौक के नीचे वाले हिस्से को भी आकर्षक रूप दिया गया लेकिन ऑटो और ई-रिक्शा की धमाचौकड़ी की वजह से यहां के हालात बेहद खराब हैं। खासकर चौराहे के लेफ्ट टर्नों पर जहां सुबह से देर रात तक ऑटो और ई-रिक्शा वाले अवैध रूप से पार्किंग बनाकर खड़े रहते हैं।

इसके कारण जाम लगने से पूरे दिन आम राहगीरों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं। इतना ही नहीं गाड़ियां पार्क होने के कारण यहां की सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। क्षेत्रीय व्यापारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार निगम प्रशासन और पुलिस में शिकायतें भी की गईं, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।

चारों तरफ से रहता है ट्रैफिक का लोड- दमोहनाका चौक पहले से ही शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में शामिल है। कृषि उपज मंडी, गोहलपुर, छोटा फुहारा और बल्देवबाग की तरफ से आने वाले ट्रैफिक के कारण शुरू से ही यहां जाम के हालात बने रहते थे।

फ्लाईओवर बनने के बाद ऐसा माना जा रहा था कि यहां की ट्रैफिक व्यवस्था में तेजी से सुधार होगा। फ्लाईओवर बनने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही का लोड तो कम हुआ, लेकिन नीचे वाले हिस्से में ऑटो और ई-रिक्शा वालों की मनमानी ने इस व्यवस्थित चौराहे की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

आए दिन हो रहे एक्सीडेंट और विवाद

दमोहनाका चौक पर सवारी वाहनों के साथ लोडिंग वाहन चालक भी अवैध रूप से पार्किंग करते हैं, जिसके कारण आए दिन यहां विवाद की स्थिति निर्मित होती है। गुटबाजी और वर्चस्व को लेकर कई बार बड़े विवाद भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते सुधार होने की बजाय हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं।

क्षेत्रीय व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग को लेकर आए दिन एक्सीडेंट भी होते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी चौक से लगे व्यापारियों को उठानी पड़ती है, क्योंकि दुकानों के सामने ही ऑटो और ई-रिक्शा खड़े होने के कारण ग्राहकों के वाहनों को पार्किंग के लिए जगह नहीं मिलती।

Created On :   1 April 2026 3:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story