Jabalpur News: एजेंसी से सिलेंडर लेने 12 बजे तक का समय निर्धारित, हॉकरों के भरोसे नहीं मिल रही गैस

एजेंसी से सिलेंडर लेने 12 बजे तक का समय निर्धारित, हॉकरों के भरोसे नहीं मिल रही गैस
आम नागरिकों का दर्द: सुबह से शाम तक लग रही एजेंसियों में लाइन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। युद्ध के चलते उपजा एलपीजी संकट समाप्त हाेने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब लोगों के सामने नई समस्या यह आ रही है कि सुबह से शाम तक लाइन लगाओ, इसके बाद भी एजेंसी संचालक ये कह रहे हैं कि एजेंसी से दोपहर 12 बजे तक ही सिलेंडर मिलेगा। इसके बाद हॉकर घर पहुंचा कर देगा।

लोगों का कहना है कि सुबह से लाइन लगाने के बाद भी दोपहर तक नंबर ही नहीं आता और समय हो जाता है। ऐसे में सिलेंडर ही नहीं मिल पा रहा है। हॉकर से बात करो तो वह भी यह कहकर टरका रहे हैं कि अभी उनका नंबर आया है। अब ऐसी स्थिति में आखिर उपभोक्ता जाएं तो कहां जाएं। वहीं दूसरी ओर इस तरह की गफलतबाजी में अंकुश लगाने फूड विभाग के अधिकारी कहीं भी फील्ड में नजर नहीं आ रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले एक माह से सिलेंडर काे लेकर हर गैस एजेंसी में मारामारी देखी जा रही है। 25 दिनों में बुकिंग की अनिवार्यता के चलते उपभोक्ता पहले से ही परेशान हैं। भुक्त भोगी नागरिकों ने बताया कि बुकिंग करने के बाद जब सिलेंडर लेने जाओ तो पर्ची कटवानी पड़ रही है।

पर्ची कटवाने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। किसी तरह पर्ची कट भी जाए ताे फिर सिलेंडर लेेने के लिए दोबारा लाइन लगाओ। इस फेर में उपभोक्ताओं के एक से दाे दिन खराब हो जाते हैं। इसके बाद भी सिलेंडर मिल जाए तो गनीमत है।

नो शोरूम डिलीवरी स्कीम के पहले दिन हंगामा

बताया जाता है कि प्रशासन ने सोमवार से तीन गैस एजेंसियों में शोरूम डिलीवरी स्कीम लागू की है। इस स्कीम के चलते उपभोक्ताओं को एजेंसियों से सिलेंडर नहीं मिलेगा, बल्कि हॉकर घर पहुंचाएगा। मगर यह योजना पहले दिन ही गड़बड़ा गई और कुछ एजेंसियों में तो हंगामा तक हुआ। बताया जाता है कि जिन एजेंसियों में यह योजना लागू की गई है।

वहां से हॉकर सिलेंडर लेकर पहुंचा तो रहे हैं मगर जिन उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं है वे सुबह से ही टंकी और पर्ची लेकर एजेंसी पहुंच गए। यहां पहुंचने के बाद जब उन्हें एजेंसी से सिलेंडर देने से मना किया गया तो वे बिफर गए। हंगामा और आक्रोश देखते हुए आखिरकार एजेंसियों से डिलीवरी देनी ही पड़ी।

Created On :   31 March 2026 6:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story