Jabalpur News: 8 साल बाद आखिर पुणे स्पेशल ट्रेन अब रेग्युलर होकर दौड़ेगी

8 साल बाद आखिर पुणे स्पेशल ट्रेन अब रेग्युलर होकर दौड़ेगी
रेलवे बोर्ड ने जबलपुर-पुणे सहित दो अन्य ट्रेनों को दी सहमति, यात्रियों को अब मिलेगी राहत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर से पुणे के लिए पिछले 8 साल से एक स्पेशल ट्रेन दौड़ रही है। सप्ताह में एक दिन रविवार को चलने वाली इस ट्रेन में यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होता था, वहीं ट्रेन के स्पेशल होने के कारण किराया भी ज्यादा चुकाना पड़ता था और समय की भी कोई बंदिश नहीं थी, हमेशा यह ट्रेन लेटलतीफ ही चलती थी।

इस ट्रेन को रेग्युलर करने की मांग लगातार हो रही थी। आखिरकार रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की इस मांग को पूरा कर दिया है और जल्द ही जबलपुर से पुणे ट्रेन रेग्युलर होकर दौड़ने लगेगी। इसके साथ ही आने और जाने वाली दो अन्य स्पेशल ट्रेनों को भी नियमित चलाने हरी झंडी मिल गई है।

जबलपुर से पुणे के लिए गाड़ी संख्या 02132 ट्रेन स्पेशल के नाम पर चल रही है लेकिन अप्रैल के दूसरे सप्ताह से इस ट्रेन का नया नंबर मिल जाएगा और यह रेग्युलर ट्रेन की श्रेणी में आ जाएगी। रेल प्रशासन द्वारा इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ट्रेन के रेग्युलर होने के साथ ही अभी रविवार को दोपहर 1:50 पर छूटने वाली इस ट्रेन की टाइमिंग भी बदल जायेगी।

हालांकि यह जरूर है कि ट्रेन अब समय से पुणे पहुंचाएगी और यात्रियों को किराये में भी राहत मिलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 02187/02188 रीवा-सीएसएमटी स्पेशल और 02133/02134 जबलपुर-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन को भी रेग्युलर किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड से 3 जोड़ी ट्रेनों को रेग्युलर करने की सहमति मिल गई है, जबलपुर पुणे ट्रेन को रेग्युलर चलाने की तैयारी रेल प्रशासन द्वारा की जा रही है। अप्रैल माह से ये ट्रेन चलने लगेगी।

-हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ पमरे

अभी सिर्फ एक नियमित ट्रेन वह भी सुपौल से| छात्रों के साथ ही पुणे में नौकरी करने वाले युवा इस ट्रेन से सफर करते हैं। इसके अलावा उनके परिजनों को भी आना-जाना रहता है। एकमात्र सीधी ट्रेन होने से जबलपुर के साथ ही आसपास के जिले के यात्री भी इस ट्रेन पर निर्भर हैं। वहीं पुणे के लिए जबलपुर होकर सिर्फ एक नियमित ट्रेन है वह भी सुपौल से अभी चलती है।

सुपौल से आने वाली यह ट्रेन बिहार एवं उत्तर प्रदेश के स्टेशनों से पूरी तरह पैक हो जाती है। इसमें जबलपुर से रिजर्वेशन मिलने का चांस बहुत कम रहता है। वैसे उत्तर प्रदेश एवं बिहार से आकर जबलपुर होते हुए पुणे तक जाने वाली आधा दर्जन साप्ताहिक ट्रेनें हैं, लेकिन इन ट्रेनों में भी जबलपुर से कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल रहता है। एक नई ट्रेन शुरू हुई थी लेकिन वह रीवा से हडपसर के बीच है, इसमें भी यात्रियों को टिकट के लिए परेशान होना पड़ता था।

Created On :   31 March 2026 5:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story