- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- म्यूजिक पैलेस, कपड़े के कारखाने व...
Jabalpur News: म्यूजिक पैलेस, कपड़े के कारखाने व गोदाम में लगी भीषण आग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। करमचंद चौक के पास मार्केट में स्थित म्यूजिक पैलेस और कपड़े के कारखाने व गोदाम में सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है।
फायर ब्रिगेड सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान पर आग लगी है वहां तक दमकल वाहनों और कर्मचारियों की सीधी पहुंच नहीं होने के कारण आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों में प्लास्टिक, कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री अधिक मात्रा में होने से आग तेजी से फैली और पूरे इलाके मेें घना धुआं फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
कपड़े के कारखाने और गोदाम में बड़ी मात्रा में सूट, शेरवानी, कुर्ता-पजामा आदि परिधानों का स्टॉक रखा हुआ है, जिससे आग बार-बार तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियोें को आग पर काबू पाने के लिए फिलहाल बिल्डिंग के पिछले हिस्से से पानी डालना पड़ा। दमकल के पांच से ज्यादा वाहन मौके पर पहुंचे।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कई गाड़ी पानी डालना पड़ा। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और आसपास के क्षेत्र में एहतियात के तौर पर लोगों को दूर रखने के लिए पुलिस बल भी पहुंचा। देर रात तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
रहवासी क्षेत्र के लोग दहशत में आए
बताया गया है कि जिस मार्केट में आग लगी उसके पास घर और अस्पताल भी है। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। वहीं दूसरी तरफ कृषि उपज मंडी स्थित राकेश अग्रवाल के बारदाने और अनाज के गोदाम में सोमवार को आग भड़क उठी।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि शाम 5.30 बजे गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें देखते ही देखते गोदाम में फैलने लगीं, जिससे आसपास के व्यापारी दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने 4 दमकल वाहनों की मदद से 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
Created On :   31 March 2026 5:32 PM IST












