- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- छात्र-छात्राओं को टीका लगाकर मनाया...
Jabalpur News: छात्र-छात्राओं को टीका लगाकर मनाया जाएगा प्रवेशोत्सव

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। 1 अप्रैल बुधवार से स्कूलों का नया शिक्षण सत्र शुरू होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस दिन सभी स्कूलों में बच्चों का स्वागत टीका लगाकर किया जाएगा। हर स्कूल में विशेष भोज की व्यवस्था होगी और जनप्रतिनिधि भी स्कूल पहंुचेंगे तथा बच्चों के साथ संवाद करेंगे। वहीं बच्चों को पुस्तकें, साइकिलें आदि भेंट की जाएंगी।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 एक अप्रैल से प्रारंभ होगा। 4 अप्रैल तक स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सांसद, विधायक, शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता की रहेगी। विगत अकादमिक वर्ष में 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को विशेष रूप आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाएगा।
शाला से बाहर रहे चिन्हित बच्चों का शाला में नामांकन एवं उनके अभिभावकों का शाला स्तर पर स्वागत किया जाएगा। वहीं कक्षा 1 से 8 तक की समस्त शालाओं में बाल सभा का आयोजन होगा।
पालकों के लिए भी होंगे आयोजन
सभी स्कूलों में पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद की गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी िदए गए हैं, ताकि उनका जुड़ाव विद्यालय से हो। विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं के बारे में विद्यालय स्टाफ द्वारा पालकों को अवगत कराया जाएगा।
हार के आगे जीत है
हार के आगे जीत है, ध्येय के माध्यम से वर्ष 2026 की परीक्षा में सफल न हो पाने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के पुनः प्रवेश हेतु प्रयास किए जाएंगे, ताकि बच्चों की पढ़ाई रुक न पाए। शाला प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन कर विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन एवं बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु कार्य योजना बनाई जायेगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए अधिकतम राशि 1 लाख की व्यय सीमा प्रावधानित है।
छात्रावासों में भी होगा प्रवेश
1 अप्रैल से सभी छात्रावासों का संचालन भी प्रारंभ किया जायेगा। सत्र 2026-27 में छात्रावासों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रस्तावित है। इस संबंध में विस्तृत निर्देश शीघ्र जारी किए जाएंगे। छात्रावासों में इन दिनों साफ-सफाई और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
Created On :   31 March 2026 5:43 PM IST












