Jabalpur News: दुकानों के बाहर सड़क तक पसरा सजावट का सामान, निकलना मुश्किल

दुकानों के बाहर सड़क तक पसरा सजावट का सामान, निकलना मुश्किल
रद्दी चौकी से सिंधी कैंप मार्ग पर हर तरफ अतिक्रमण, कार्रवाई न होने से अतिक्रमणकारियों के हौसले और भी हुए बुलंद

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के कई प्रमुख मार्ग अतिक्रमणों की चपेट में हैं। आलम यह है कि यहां दुकानों के बाहर सड़क तक कब्जा कर सामान रखा जा रहा है। ऐसे में यहां न सिर्फ यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि सड़क हादसे भी हो रहे हैं। यही हालात शहर के प्रमुख मार्गाें में शामिल रद्दी चाैकी से सिंधी कैंप मार्ग के हैं। इस मार्ग पर पूरी तरह अतिक्रमणकारियों का कब्जा है।

रद्दी चौकी से सिंधी कैंप मार्ग के बीच सड़क के दोनों ओर दुकानदारों ने कब्जा कर सामान बाहर सड़क तक सजा रखा है। जिससे यहां अराजकता फैल रही है। खास बात यह है कि सबकुछ देखने के बाद भी जिम्मेदार इन दुकानदारों को दुकानों तक सीमित नहीं कर पा रहे हैं।

आम नागरिकों का कहना है कि सड़क के किनारे तक दुकानों के सज जाने से यहां दिन में कई-कई बार जाम लगता है। इसके बाद भी प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि गर्मी का सीजन आते ही रद्दी चौकी से बहोराबाग चौक और सिंधी कैंप के बीच स्थित दुकानों में दुकानदारों ने कूलर बनाकर सड़क पर सजा दिए हैं। दुकानदार सड़क के किनारे ही बड़ी संख्या में कूलर बनाकर बेच रहे हैं। इससे पूरी सड़क पर अराजकता फैल रही है।

इसके साथ ही दुकानदारों ने लोहे की पेटियां, अलमारी, लोहे के रैक, स्टील की ग्रिल और अन्य सामान भी सड़क पर सजा रखा है। जिससे वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो रहा है। अभी स्कूल-कॉलेज खुलेंगे तो बच्चों के लिए खतरा और बढ़ जाएगा। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।

दिन भर रहता है वाहनों का दबाव

रद्दी चौकी को घमापुर से जोड़ने वाले इस मार्ग पर बड़ी संख्या में आबादी भी बसी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया िक सड़क पर दिन भर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके साथ ही बस्तियों के लोग भी बाजार करने घरों से निकलते हैं। जिससे सड़क पर भीड़ होती है। ऐसे में दुकानों के बाहर सामान रखा होने से यातायात बाधित होता है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

नागरिकों ने कहा - सख्त कार्रवाई की जाए

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम और यातायात विभाग को शहर के अन्य क्षेत्रों की तरह यहां भी दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे सड़क कब्जा मुक्त हो सके और नागरिकों को राहत मिले।

रद्दी चौकी से सिंधी कैंप के बीच सड़क तक दुकान लगाने वाले लोगों के विरुद्ध जल्द ही कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात सुगम हो सके।

- मनीष तड़से, प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी, नगर निगम

Created On :   31 March 2026 6:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story