- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन...
Jabalpur News: मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में समान दर पर बिजली देने की मांग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्रदेश में उत्पादित बिजली को बाहर सस्ते दाम पर बेचने और प्रदेश के उपभोक्ताओं को महंगे दाम पर उपलब्ध कराने के विरोध में विभिन्न उपभोक्ता संगठनों ने रविवार को घंटाघर के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में भी समान दर लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि बिजली टैरिफ आदेश के अनुसार प्रदेश की अतिरिक्त बिजली को पावर एक्सचेंज के माध्यम से 3.81 रुपए प्रति यूनिट की दर से बाहर बेचा जा रहा है, जबकि प्रदेश के आम उपभोक्ताओं, जो प्रतिमाह 150 से 300 यूनिट बिजली की खपत करते हैं, उनसे 7.05 रुपए प्रति यूनिट तक की दर वसूली जा रही है।
संगठनों का कहना है कि एक ही प्रदेश में उत्पादित बिजली को बाहर सस्ते और अंदर महंगे दाम पर बेचना गंभीर विसंगति है और यह उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के नागरिकों को भी वही दर मिलनी चाहिए, जिस दर पर बिजली अन्य राज्यों को बेची जा रही है।
प्रदर्शन में नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच, भारतीय वरिष्ठ नागरिक संगठन, महिला समिति, मानव अधिकार क्रांति संगठन, सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन, पेंशनर्स समाज और किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान डॉ. पी.जी. नाजपांडे, टी.के. रायघटक, डी.के. सिंह, सुशीला कनोजिया, गीता पाण्डे, मनीष शर्मा, अशोक नामदेव, संतोष श्रीवास्तव, दिलीप कुंडे, पी.एस. राजपूत, डी.आर. लखेरा, रेखा झारिया, यशवंत कोष्टा, अशोक यादव, डी.के. चौरै, डी.के. निगम, अब्दुल रहमान मौजूद रहे।
Created On :   30 March 2026 6:21 PM IST












