Jabalpur News: नर्मदा को अब पाॅवर जनरेशन के बाद ही दिया जाएगा पानी

नर्मदा को अब पाॅवर जनरेशन के बाद ही दिया जाएगा पानी
बंद दो टरबाइनों में से एक को किया गया चालू, नर्मदा में पहले के मुकाबले पानी थोड़ा कम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी बांध के 3 खुले हुये गेटों को बंद कर दिया गया है। इन गेटों से 114 घन मीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से नर्मदा में पानी छोड़ा जा रहा था। विद्युत उत्पादन की दोनों टरबाइनों के बंद होने पर नर्मदा का जलस्तर घटने पर गेटों से पानी छोड़ा जा रहा था। अब दो में से एक टरबाइन को चालू कर दिया गया है, जिससे नर्मदा में पानी पाॅवर जनरेशन के बाद छोड़ा जा रहा है।

एक टरबाइन अब भी बंद है, जिससे नर्मदा का जलस्तर पहले के मुकाबले कम है क्योंकि नदी में पानी आने की गति कुछ कम है। एक टरबाइन चालू होने पर विद्युत उत्पादन के बाद फिलहाल 100 घनमीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है। नदी में 10 घनमीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से कम पानी आ रहा है, जिससे घाटों में जलस्तर ज्यादा ऊपर नहीं है।

बांध का जल प्रबंधन देखने वाले राजाराम रोहित के अनुसार बांध से पेयजल के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी दिया जा रहा है। दोनों टरबाइनों के आरंभ होने पर जल का स्तर जो अभी है आगे उससे ज्यादा बढ़ जाएगा। विशेष परिस्थितियों में नर्मदा में जल की मात्रा घटने पर ही गेटों को खोला जाता है।

60 दिनों में आधा मीटर का होता है वाष्पीकरण

अप्रैल से लेकर मई के अंत तक बांध से आधा मीटर पानी का वाष्पीकरण हो जाता है। इन दो माहों में बांध का जलस्तर तेजी के साथ घटता है। बांध का जल प्रबंधन देखने वाले एक्सपर्ट के अनुसार अप्रैल, मई और जून के पहले 15 दिनों में पानी को बहुत सावधानी के साथ खर्च किया जाता है। किसी भी आपात स्थिति में ही गेटों को खोला जाता है। बांध का जलस्तर रविवार की शाम तक 415.10 मीटर पर रहा, जो 46 फीसदी के करीब है।

Created On :   30 March 2026 6:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story